CSK vs KKR: कप्तानी के दबाव में बिखरे जडेजा, धोनी ने बचायी चेन्नई की लाज
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज हो गया है जिसका पहला मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर खेला जा रहा है। इस मैच में डिफेंडिंग चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स की टीम की सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से हो रहा है, जहां पर रविंद्र जडेजा पहली बार आईपीएल में कप्तानी करते नजर आ रहे हैं, वहीं पर श्रेयस अय्यर भी कोलकाता के लिये कप्तानी संभालते हुए फ्रैंचाइजी के नये अध्याय की शुरुआत करते नजर आ रहे हैं। केकेआर के लिये श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और गेंदबाजों के दम पर सीएसके की टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।

चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में 5 विकेट खोकर सिर्फ 131 रनों का स्कोर खड़ा किया। केकेआर के लिये उमेश यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट हासिल किये तो वहीं पर वरुण चक्रवर्ती और आंद्रे रसेल के खाते में भी एक-एक विकेट आया।
और पढ़ें: CSK vs KKR: आईपीएल के पहले मैच में अय्यर ने जीता टॉस, जानें कैसी है दोनों टीमों की प्लेइंग 11

3 साल बाद धोनी ने लगाया आईपीएल में अर्धशतक
चेन्नई सुपर किंग्स के लिये इस मैच में एक वक्त ऐसा भी आया था जब लगा कि उनकी टीम शायद 100 रन के स्कोर को भी पार नहीं कर पायेगी, हालांकि महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर से टीम के खेवनहार बने और नाबाद 50 रनों की पारी खेलकर स्कोर को 131 तक पहुंचा दिया। महेंद्र सिंह धोनी ने 38 गेंदों का सामना कर 7 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 50 रन बनाये। धोनी के बल्ले से 2019 के बाद आया यह पहला अर्धशतक है। धोनी ने आईपीएल में अपना आखिरी अर्धशतक 21 अप्रैल 2019 को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ लगाया था जहां पर धोनी ने 48 गेंदों में नाबाद 84 रनों की पारी खेली थी। इसके साथ ही धोनी ने आईपीएल करियर का अपना 24वां अर्धशतक पूरा किया।

कप्तानी के दबाव में बहे रविंद्र जडेजा
जहां चेन्नई सुपर किंग्स के लिये पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने फॉर्म में वापसी की तो वहीं पर टीम के नये कप्तान रविंद्र जडेजा कप्तानी के दबाव में बिखरते नजर आये। रविंद्र जडेजा पांचवे नंबर पर बल्लेबाजी करने आये थे और उन पर पारी को संभालकर तेजी से रन बनाने की जिम्मेदारी थी। हालांकि क्रीज पर उनकी साथी खिलाड़ियों के साथ जुगलबंदी नजर नहीं आयी और पहले उन्होंने अंबति रायडु को रन आउट कराया तो वहीं पर शिवम दुबे रन आउट होने से बाल-बाल बचे। जडेजा ने इस दौरान काफी धीमी बल्लेबाजी की और पहली 27 गेंदों में सिर्फ 20 रन ही बना सके थे, हालांकि पारी की आखिरी गेंद पर छक्का लगाने की वजह से उन्होंने नाबाद 26 रन पर अपनी पारी समाप्त की।

पहले 10 ओवर में बिखरी सीएसके
सीएसके के लिये इस मैच की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और उसने पहले ही ओवर में ऋतुराज गायकवाड़ का विकेट खो दिया तो वहीं पर पांचवे ओवर में डेवॉन कॉन्वे उमेश यादव की गेंद पर आउट हो गये। वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर रॉबिन उथप्पा (28) स्टंप्स हो गये तो वहीं पर रायडु रन आउट होकर वापस लौट गये। शिवम दुबे भी कुछ खास नहीं कर सके और आसान सा कैच थमाकर वापस लौट गये। धोनी ने पारी को संभालकर जडेजा के साथ नाबाद 70 रनों की साझेदारी की और टीम के स्कोर को 131 पर पहुंचा दिया।












Click it and Unblock the Notifications