'इस बार दमदार नहीं है दिल्ली कैपिटल्स की टीम', पूर्व भारतीय ओपनर ने जारी की चेतावनी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज होने में महज 5 दिन का ही समय रह गया है, जिसका पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के बीच खेला जायेगा, तो वहीं पर टूर्नामेंट का दूसरा मैच दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच 27 मार्च को बरबॉन स्टेडियम में खेला जायेगा। दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले 3 सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है और जीत के करीब पहुंचकर खिताब हासिल करने में नाकाम रही है।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने साल 2019 में पहली बार प्लेऑफ में जगह बनाने का कारनामा किया था तो वहीं पर 2020 में पहली बार फाइनल में पहुंची थी लेकिन मुंबई ने उसके जीत हासिल करने के सपने को पूरा नहीं होना दिया और खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं पर आईपीएल के पिछले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने ऋषभ पंत की कप्तानी में शानदार प्रदर्शन किया था लेकिन प्लेऑफ से आगे का सफर तय नहीं कर पायी थी।
और पढ़ें: शेन वॉर्न को याद कर भावुक हुए शोएब अख्तर, बताया क्या दी थी फिरकी किंग ने सलाह

नीलामी में दिल्ली से हुई बड़ी चूक
उल्लेखनीय है कि आईपीएल के इतिहास में जिन 3 टीमों ने अब तक कोई खिताब हासिल नहीं किया है उसमें एक नाम दिल्ली कैपिटल्स का भी है। दिल्ली के अलावा पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम आईपीएल के इतिहास में अब तक एक भी खिताब नहीं जीत सकी है। वहीं नये सीजन से पहले दिल्ली कैपिटल्स की टीम के लिये मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
आईपीएल 2022 की नीलामी के दौरान दिल्ली कैपिटल्स की टीम श्रेयस अय्यर और शिखर धवन को अपने खेमे में शामिल कर पाने में नाकाम रही। कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने श्रेयस अय्यर को 12.25 करोड़ में अपने खेमे में शामिल किया तो वहीं पर पंजाब किंग्स की टीम शिखर धवन (8.25 करोड़) को अपने खेमे से जोड़ने में कामयाब रही। गेंदबाजी में आवेश खान और कगिसो रबाडा को भी दिल्ली कैपिटल्स की टीम अपने खेमें में जोड़ने में नाकाम रही।

सीजन के पहले मैच में उपलब्ध नहीं रहेंगे विदेशी खिलाड़ी
दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने डेविड वॉर्नर को अपने खेमे में जरूर शामिल किया तो वहीं पर मिचेल मार्श और रोवमैन पॉवेल जैसे विदेशी खिलाड़ियों पर दांव लगाया। दिल्ली कैपिटल्स ने भारतीय क्रिकेट टीम के घरेलू खिलाड़ियों केएस भरत, यश धुल और मनदीप सिंह जैसे कई खिलाड़ियों पर भी दांव लगाया है। हालांकि टूर्नामेंट के पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स की टीम के पास मिचेल मार्श की सेवायें नहीं होगी जो पाकिस्तान सीरीज के चलते टीम से नहीं जुड़ सकेंगे। वहीं पर रोवमैन पॉवेल फिलहाल चोटिल हैं और पहले मैच से पूर्व टीम के साथ जुड़ पाना असंभव नजर आ रहा है।

कमजोर नजर आ रही है दिल्ली कैपिटल्स की टीम
इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने दिल्ली कैपिटल्स की मौजूदा टीम पर अपनी राय दी है और बताया है कि दिल्ली कैपिटल्स के लिये इस बार काफी मुश्किल होने वाली है और यह टीम पिछले सीजन के मुकाबले काफी कमजोर नजर आ रही है।
स्टार स्पोर्टस के शो गेम प्लान में बात करते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा,'मिचेल मार्श उपलब्ध नहीं है और आप अब यश धुल, कोना भरत और शायद मनदीप सिंह की तरफ देख रहे हैं, हालांकि यह वो विकल्प नहीं हैं जो टीम में मार्श की कमी पूरी कर सकेंगे। आपके पास शिखर धवन नहीं है, नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने के लिये श्रेयस अय्यर भी नहीं है, तो जब आप बल्लेबाजी ऑर्डर में विदेशी खिलाड़ियों की मौजूदगी पर नजर डालते हैं तो दिल्ली की टीम मुश्किल में नजर आती है। जब वो शुरुआत करेंगे, तो वो उतने मजबूत नहीं रहेंगे जितना पहले थे।'












Click it and Unblock the Notifications