खुली बस में ट्रॉफी के साथ सड़कों से जाएगा टीम इंडिया का काफिला, जानें कब और किस शहर में होगा जश्न
Indian Team Celebration: टी20 वर्ल्ड कप का खिताबा जीतने के बाद भारतीय टीम हरिकेन तूफान की वजह से बारबाडोस में ही अटक गई है। बीसीसीआई की तरफ से टीम इंडिया की वापसी के लिए प्रयास जारी है। एयर इंडिया का विशेष विमान टीम को लाने के लिए वहां पहुँच गया है।
भारतीय टीम के अलावा कुछ भारतीय मीडियाकर्मी भी वहां फंस गए हैं। उनको भी लाया जाएगा। इसके बाद टीम इंडिया की जीत का जश्न भी देखने को मिलेगा। भारत आने पर भारतीय टीम का स्वागत किया जाएगा। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम गुरुवार देर रात दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड कर सकती है।

खबरों की मानें, तो गुरुवार को दिल्ली आने के बाद भारतीय टीम के खिलाड़ी पीएम मोदी से मुलाक़ात करेंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों से कॉल पर बात की थी और टीम की खिताबी जीत के बाद बधाई देते हुए एक वीडियो रिलीज किया था।
एक और नई खबर यह भी है कि भारतीय टीम को खुली बस में ट्रॉफी के साथ ले जाया जाएगा। टीम इंडिया को फैन्स देख सकेंगे। सड़कों से गुजरते हुए स्वागत का यह भव्य आयोजन करने का प्लान है। भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी इस ओपन बस में होंगे।
हालांकि इस तरह का स्वागत दिल्ली में नहीं बल्कि मुंबई में करने की योजना है। मुंबई में ही बीसीसीआई का हेड ऑफिस है। भारतीय टीम और फैन्स के लिए यह यादगार पल बन जाएंगे। टीम इंडिया गुरुवार शाम को मुंबई के लिए उड़ान भर सकती है। पीएम से मुलाक़ात के बाद ऐसा होना संभव है।
29 जून को इस वर्ल्ड कप का फाइनल मैच भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया था। टीम इंडिया ने इस करीबी मुकाबले में 7 रनों से जीत दर्ज करते हुए इतिहास रच दिया था और दक्षिण अफ्रीकी टीम का सपना तोड़ दिया। अफ्रीकी टीम पहले ख़िताब की तलाश में थी।












Click it and Unblock the Notifications