IND vs WI: 1000वें वनडे मैच में भारत ने जीता टॉस, दीपक हुड्डा को मिला डेब्यू का मौका

नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच अहमदाबाद के मैदान पर खेली जाने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच का आगाज हो गया है, जिसमें भारतीय टीम के नये कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। भारतीय क्रिकेट टीम के लिये यह मैच काफी ऐतिहासिक है क्योंकि इस मैच के साथ ही भारतीय टीम क्रिकेट के इतिहास में 1000वां वनडे मैच खेलने वाली पहली टीम बन गई है। भारत ने अपना पहला वनडे मैच 1974 में खेला था, जिसके बाद अगले 12 सालों के अंदर उसने सिर्फ 2 ही वनडे मैच खेले थे, हालांकि 1983 विश्वकप की जीत के बाद भारतीय टीम ने एकदिवसीय प्रारूप पर ज्यादा ध्यान देना शुरू कर दिया और अगले 35 सालों में 998 मैच खेल डाले।
और पढ़ें: IND vs WI: जानें क्यों वनडे सीरीज के पहले मैच में काली पट्टी बांधकर खेलेगी भारतीय टीम
इस फेहरिस्त में ऑस्ट्रेलिया (958) की टीम दूसरे पायदान पर काबिज है तो वहीं पर पाकिस्तान (936) की टीम तीसरे पायदान पर खड़ी है। भारतीय क्रिकेट टीम इस ऐतिहासिक मैच को जीत के साथ यादगार बनाने की ओर देख रही होगी, हालांकि यह उसके लिये आसान नहीं रहने वाला है। जहां भारतीय क्रिकेट टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगातार 5 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में हार का सामना कर के आ रही है, तो वहीं पर वेस्टइंडीज की टीम इंग्लैंड को मात देकर यहां पहुंची है। पिछले 15 वनडे मैचों की बात करें तो भारतीय टीम को सिर्फ 5 मैचों में जीत मिली है जबकि 10 में हार का सामना करना पड़ा है।
और पढ़ें: सामने आयी कोहली और कुंबले के बीच हुई लड़ाई की असल वजह, भारतीय टीम के पूर्व मैनेजर ने किया खुलासा
Recommended Video

दीपक हुड्डा को मिला डेब्यू का मौका
भारतीय टीम के लिये कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर कहा कि यह पिच ज्यादा बदलने वाली नहीं लग रही है और अगर हम लाइटस में बल्लेबाजी करेंगे तो ज्यादा बेहतर नजर आयेगा। रोहित शर्मा ने टीम में वापसी करने पर खुशी जताई है और कहा कि देश के लिये वापसी कर मैदान पर उतरना काफी अच्छा एहसास है। कई महीनों से मैं क्रिकेट नहीं खेल सका हूं और भारतीय टीम के लिये इस ऐतिहासिक दिन पर खेल का हिस्सा बनना काफी शानदार है।
रोहित शर्मा ने टीम संयोजन पर बात करते हुए कहा कि दीपक हुड्डा टीम के लिये डेब्यू कर रहे हैं, तो वहीं पर पिछले मैच के मुकाबले कई खिलाड़ियों को बाहर बिठाना पड़ा है तो कई प्लेयर्स की वापसी हुई है। हमने पिछले कुछ समय में काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं और एक टीम के रूप में हम काफी विकसित हुए हैं।

9 महीने बाद लौट रहे हैं डैरेन
वहीं वेस्टइंडीज के कप्तान कायरन पोलार्ड ने कहा कि टॉस ऐसी चीज है जिस पर आपका कंट्रोल नहीं होता है, हमने परिस्थितियों का जायजा लिया है और यहां पर बल्लेबाजी करना भी आसान है। हम नतीजों को लेकर काफी अच्छे से निखर रहे हैं। खिलाड़ियों को अलग-अलग परिस्थितियों के लिये खुद को तैयार करना पड़ता है। हमने कुछ दिन पहले ही एक सीरीज खेली थी, तो हमें मानसिक रूप से थोड़ा बदलाव करने की जरूरत है। हमें लंबे समय तक बल्लेबाजी कर स्ट्राइक रोटेट करने पर ध्यान देना होगा। टीम में कई बदलाव हैं लेकिन केमार रोच और एलेन की वापसी हुई है। डैरेन जुलाई के बाद से कोई मैच नहीं खेले हैं। तो इन खिलाड़ियों के साथ खेलना काफी मजेदार होगा।

जानें कैसी है दोनों टीमों की प्लेइंग 11
वेस्टइंडीज (प्लेइंग इलेवन): ब्रैंडन किंग, शाई होप (विकेटकीपर), शमर ब्रूक्स, डैरेन ब्रावो, निकोलस पूरन, कीरोन पोलार्ड (कप्तान), जेसन होल्डर, फैबियन एलन, अल्जारी जोसेफ, केमार रोच, अकील होसेन।
भारत (प्लेइंग इलेवन): रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, युजवेंद्र चहल, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज।












Click it and Unblock the Notifications