IND vs SL: बेंगलुरू टेस्ट में श्रेयस अय्यर के नाम हुआ अनचाहा रिकॉर्ड, सचिन-सहवाग की लिस्ट में हुए शामिल
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच बेंगलुरू के मैदान पर खेला जा रहा है, जहां पर पिंक बॉल से खेले जा रेह डे नाइट टेस्ट मैच का दूसरा दिन ही खेला जा रहा है लेकिन भारतीय टीम ने मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। भारतीय टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 252 रनों का स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में श्रीलंका की टीम 109 रन पर ऑल आउट हो गई। भारतीय टीम ने पहली पारी में 143 रनों की बढ़त हासिल कर ली है और दूसरी पारी में भी 50 रन जोड़ चुकी है।

भारतीय टीम के लिये जसप्रीत बुमराह ने पहली बार घरेलू सरजमीं पर 5 विकेट चटकाने का कारनामा किया तो वहीं पर मोहम्मद शमी और अश्विन ने भी 2-2 विकेट अपने नाम किये। स्पिनर्स की मददगार इस पिच पर भारतीय गेंदबाजों से पहले श्रेयस अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी की और टीम को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकालकर स्कोर को 250 के पार पहुंचा दिया।
और पढ़ें: IND vs SL: पिंक बॉल टेस्ट के पहले दिन रहा गेंदबाजों का जलवा, बनाया बेहद खास रिकॉर्ड
श्रेयस अय्यर ने अपनी इस पारी के दौरान 98 गेंदों का सामना किया और 10 चौके, 4 छक्के लगाकर 92 रनों की पारी खेली। श्रेयस अय्यर पिंक बॉल टेस्ट में शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बनने की कगार पर थे लेकिन 8 रन पहले जयविक्रमा की गेंद पर स्टंप होकर वापस पवेलियन लौटना पड़ा। श्रेयस अय्यर के इस तरह से आउट होने के साथ ही वह भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों की एक अनचाही लिस्ट का हिस्सा बन गये हैं।
निरोशन डिकवेला के हाथों स्टंप आउट होने के साथ ही श्रेयस अय्यर चौथे भारतीय खिलाड़ी बन गये हैं जो कि 90 के स्कोर स्टंपिंग का शिकार हुए हैं। श्रेयस अय्यर से पहले यह अनचाहा काम दिलिप वेंगसरकर के साथ हुआ था जब उन्होंने 1987 में चेन्नई के मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ 96 रनों की पारी खेली थी। वहीं सचिन तेंदुलकर ने 2001 में इसी मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ 90 रन बनाये थे और स्टंप आउट हो गये थे।
और पढ़ें: 'शतक लगाने के बाद अवॉर्ड न मिले तो बुरा लगता है', मंधाना ने किया ऐसा काम जिसके मुरीद हुए फैन्स
भारत के लिये आखिरी बार 90 के स्कोर पर स्टंपिंग होने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में वीरेंदर सहवाग का नाम है, जो साल 2010 में कोलंबो के मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ 99 रन पर आउट हुए थे। गौरतलब है कि भारत अपनी सरजमीं पर तीसरा जबकि ओवरऑल चौथा पिंक बॉल टेस्ट मैच खेलने उतरा है। भारतीय टीम ने अपने घर पर खेले गये पिछले दोनों पिंक बॉल टेस्ट में जीत हासिल की है, जबकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications