'शतक लगाने के बाद अवॉर्ड न मिले तो बुरा लगता है', मंधाना ने किया ऐसा काम जिसके मुरीद हुए फैन्स
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड की मेजबानी में खेले जा रहे महिला वनडे विश्वकप 2022 के 10वें मैच में भारतीय टीम ने एक बार फिर जीत की राह पर वापसी कर ली है और अंकतालिका में सबसे टॉप पर पहुंच गये हैं। भारतीय महिला टीम ने इस टूर्नामेंट का अपना तीसरा मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला जिसमें 155 रनों की विशाल जीत हासिल कर मिताली सेना ने दूसरी जीत हासिल की। भारतीय टीम ने विश्वकप के पहले मैच में पाकिस्तान को 107 रन से हराया तो वहीं पर न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्हें 62 रनों से मात मिली। ऐसे में जब उसने वेस्टइंडीज के खिलाफ 155 रनों से जीत हासिल की तो 4 अंक के साथ ही उसके नेट रन रेट में भी बड़ा सुधार देखने को मिला।

भारतीय टीम को इस अहम मैच में जीत दिलाने का मुख्य श्रेय सलामी बैटर स्मृति मंधाना (123) और उपकप्तान हरमनप्रीत कौर (109) को जाता है जिन्होंने 78 रन पर टीम के 3 विकेट गिर जाने के बाद 184 रनों की साझेदारी की और टीम को विश्वकप में भारतीय टीम के सबसे टोटल पर पहुंचा दिया।
और पढ़ें: IPL 2022 के लिये आरसीबी ने डुप्लेसिस को बनाया कप्तान, जानें क्या बोले विराट कोहली

मंधाना-कौर के दम पर जीता भारत
भारतीय टीम ने इस मैच में 318 रन का स्कोर खड़ा किया, जिसका पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की महिला टीम ने डीएंड्रा डॉटिन (62) और हेली मैथ्यूज (43) ने जबरदस्त शुरुआत करते हुए 100 रन की ओपनिंग साझेदारी कर डाली। लेकिन यहां से भारतीय बॉलर्स ने मैच का पासा पलट दिया और अगले 62 रन के अंदर पूरी टीम को समेट दिया। मैच के बाद स्मृति मंधाना को प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया लेकिन जब मंधाना यह अवॉर्ड लेने गई तो उन्होंने कुछ ऐसा किया जिसने दुनिया भर के फैन्स का दिल जीत लिया।
स्मृति मंधाना ने अपने प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड को उपकप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ शेयर किया जिन्होंने इस मैच में मंधाना के साथ न सिर्फ मैच जिताऊ साझेदारी की बल्कि विश्वकप में तीसरा शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनी।

हरमनप्रीत के साथ शेयर किया अपना अवॉर्ड
भारतीय टीम के लिये पहली पारी में मैच जिताऊ साझेदारी के दौरान जहां स्मृति मंधाना ने 13 चौके और 2 छक्के लगाये तो वहीं पर हरमनप्रीत कौर ने 10 चौके और 2 छक्के लगातर टीम के स्कोर को 300 के पार पहुंचाया।
मैच के बाद अवॉर्ड लेने पहुंची मंधाना ने कहा,'मुझे लगता है कि जब आप शतक लगाते हैं और टीम की जीत अहम भूमिका निभाने के बावजूद आपको प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड नहीं मिलता है तो यह अच्छा महसूस नहीं होता है। यह कुछ ऐसा है जो बतौर खिलाड़ी मैं कभी नहीं चाहूंगी। मुझे लगता है कि हम दोनों ने टीम की जीत में बराबर योगदान दिया है और उसी की वजह से टीम 300 के आंकड़े को पार कर सकी। तो मुझे लगता है कि यह अच्छा होगा कि अगर हम दोनों इस अवॉर्ड को शेयर करें। मेरा मानना है कि हम दोनों ही इस अवॉर्ड को जीतने के हकदार हैं।'

हमने गलतियों से सीखा है, दोबारा नहीं दोहरायेंगे
मंधाना ने आगे बात करते हुए कहा कि हमारी टीम ने अपनी गलतियों से सीख ली और यह कुछ ऐसा है जिसे हम आगे चलकर दोहराना नहीं चाहेंगे। बैटर के रूप में हमारे लिये रनों का पीछा करना और पहले रन बनाकर लक्ष्य देना दोनों ही जरूरी है। आखिरी मैच में हम वो नहीं कर सके और रनों का पीछा करते हुए लय हासिल करना बहुत जरूरी है। हमारी ताकत काफी अलग क्योंकि वो स्पिन के खिलाफ काफी अच्छा खेलती हैं और मुझे गेंद में गति पसंद है।
आपको बता दें कि वेस्टइंडीज की टीम ने अपने पहले दोनों मैचों में बड़ा उलटफेर करते हुए पहले इंग्लैंड को 3 रन से हराया तो वहीं पर दूसरे मैच में न्यूजीलैंड को 7 रन से हरा दिया। हालांकि भारत के खिलाफ उसे रनों का पीछा करना था जिसमें एक बेहतरीन शुरुआत के बाद वो लड़खड़ा गई और मैच हार गई।












Click it and Unblock the Notifications