IND vs SL: पहले टी20 में ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग 11, पंत और कोहली रहेंगे बाहर

नई दिल्ली, 23 फरवरी: वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद रोहित शर्मा एंड कंपनी अपनी जमीन पर श्रीलंका का मुकाबला करने के लिए पूरी तरह तैयार है। भारत ने वेस्टइंडीज को वनडे और टी-20 सीरीज दोनों में क्लीन स्वीप किया है और पड़ोसी देश के खिलाफ भी वे पूरी तरह से एक और क्लीन स्वीप के दावेदार के तौर पर उतरने जा रहे हैं। यह तीन मैचों की टी-20 सीरीज है जो 24 फरवरी यानी कल लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शुरू होगी। श्रीलंका की टीम बहुत अच्छी स्थिति में नहीं है क्योंकि वह हाल ही में ऑस्ट्रेलिया से 1-4 से सीरीज हार कर लौट रहे हैं।
इसी बीच भारत अपने कुछ प्रमुख खिलाड़ियों के बिना होगा जिसमें विराट कोहली और पंत का नाम है। ऐसे में बाकी खिलाड़ियों के लिए एक बढ़िया मौका है कि वे अपना दमखम दिखाएं और टी-20 वर्ल्ड कप के लिए अपना दावा मजबूत करें। आइए देखते हैं इस मुकाबले के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन कैसी हो सकती है-

ओपनिंग बल्लेबाज- रोहित शर्मा और ईशान किशन
धाकड़ बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड को अभी कुछ समय और बेंच पर बैठकर अपने समय की प्रतीक्षा करनी पड़ेगी क्योंकि रोहित शर्मा और युवा ईशान किशन एक बार फिर से ओपनिंग करने के लिए उतर सकते हैं। भारत के सफेद गेंद उपकप्तान केएल राहुल फिलहाल चोटिल हैं। ऐसे में वे ओपनर के तौर पर एक अच्छे विकल्प हैं। रोहित शर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में 66 रन बनाए थे जबकि किशन 71 रन बनाने में कामयाब रहे थे लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 85.54 था। रोहित जहां अपने बल्ले से कुछ रन देखना चाहेंगे तो वही ईशान किशन अपने स्ट्राइक रेट में सुधार करना चाहेंगे।

मीडिल ऑर्डर: श्रेयस अय्यर और सूर्यकुमार यादव-
मध्यक्रम सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर की जिम्मेदारी होगी क्योंकि कोहली और पंत उपलब्ध नहीं है। अय्यर को वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में केवल एक ही मैच खेलने के लिए मिला और उन्होंने अंतिम मुकाबले में 16 गेंदों पर 25 रनों की पारी खेली थी। सूर्यकुमार यादव एक जबरदस्त फॉर्म में हैं और उन्होंने पिछली सीरीज में 107 रन बनाए हैं जिसमें 1 अर्धशतक लगाया है और तीसरी में उनकी मैच विजेता पारी को कौन भूल सकता है।

ऑलराउंडर- वेंकटेश अय्यर और रवींद्र जडेजा
वेंकटेश अय्यर ने 3 मुकाबलों में 184 के स्ट्राइक रेट के साथ 92 रन बनाए थे। वे तीसरे मुकाबले में नाबाद रहे। उन्होंने गेंदबाजी भी की और 2 विकेट लिए।
रविंद्र जडेजा पर एक बार फिर नजरें रहेंगे क्योंकि वे काफी समय बाद लौट रहे हैं। उनको दाहिने पैर में चोट लग गई थी। जडेजा नंबर 7 पर खेलते हुए तेजी से रन कर सकते हैं और लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाजी करते हुए रनों पर अंकुश लगा सकते हैं।

तेज गेंदबाज- हर्षल पटेल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह
तेज गेंदबाजी में हर्षल पटेल बहुत ही बढ़िया T20 बॉलर के तौर पर उभरे हैं। आईपीएल में भी उनकी कीमत दहाई के करोड़ अंक में लगी है और वह श्रीलंका के खिलाफ अपनी हुनरमंद गेंदबाजी से T20 वर्ल्ड कप में अपना दावा मजबूत करने के लिए उतरेंगे। पटेल ने विंडीज के खिलाफ 5 विकेट चटकाए जबकि उनका इकोनामी रेट केवल 5.55 रहा।
भुवनेश्वर कुमार ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी-20 मुकाबले में मैच विनिंग ओवर फेंका था और इस अनुभवी खिलाड़ी के पास अभी भी कुछ दमखम बाकी है जिसको भुनाने के लिए भारत इस मुकाबले की प्लेइंग इलेवन में उनको उतार सकता है।
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह वेस्टइंडीज के खिलाफ रेस्ट के बाद आ रहे हैं और रविंद्र जडेजा की तरह उनके प्रदर्शन पर भी सबकी नजरे कौतूहल के साथ बनी रहेगी।

स्पिन- युजवेंद्र चहल और रवि बिश्नोई
चहल ने पिछले दो मुकाबलों में 2 विकेट चटकाए थे। तीसरे मुकाबले में उनको आराम दिया गया था। रवि बिश्नोई ने पिछली सीरीज में भारत के लिए T20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था। ये खिलाड़ी सभी मैचों में दिखाई दिया और उन्होंने तीन विकेट चटकाए जिसमें अंतिम मैच में वे भले ही विकेट नहीं ले सके लेकिन सबसे पहले मुकाबले में किया गया प्रदर्शन आज भी यादगार है जहां उन्होंने चार ओवर में 17 रन देकर दो विकेट लिए थे और उनको मैन ऑफ द मैच दिया गया था। उन पर नजरें जमी रहेंगी।












Click it and Unblock the Notifications