भारतीय T20 टीम में डेब्यू कर सकते हैं यह 3 खिलाड़ी, IPL में शानदार प्रदर्शन का मिलेगा इनाम
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग को उन बड़े टूर्नामेंट में से एक माना जाता है जहां पर हर सीजन कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपने टैलेंट का लोहा मनवाकर दुनिया भर में अपनी पहचान बनाते हैं और कई बार उनके इस प्रदर्शन का फल भारतीय टीम में सेलेक्शन के जरिये मिलता है। आईपीएल 2022 में भी कई युवा खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन का लोहा मनवाया है और भारतीय टीम में चयन की अपनी दावेदारी पेश की है। इसको लेकर हाल ही में बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने भी बात की थी और इस सीजन सबसे ज्यादा प्रभावित करने वाले गेंदबाजों का नाम लेते हुए कहा था कि अगर उनका चयन भारतीय टीम में हो जाये तो उन्हें कोई हैरानी नहीं होगी।

इस बीच कुछ रिपोर्टस सामने आई हैं जिसके तहत आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले 3 युवा अनकैप्ड खिलाड़ियों का नाम लिया गया है जिन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ आयोजित की जाने वाली 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिये पहली बार भारतीय टीम में जगह दी जा सकती है। उल्लेखनीय है कि सीरीज का आगाज 9 जून से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होगा, जिसके बाद बचे हुए 4 मैच कटक, विशाखापट्टनम, राजकोट और बेंगलुरू में खेले जायेंगे।

साउथ अफ्रीका दौरे से इन दिग्गजों को मिलेगा आराम
रिपोर्ट के अनुसार जिन 3 खिलाड़ियों का नाम सामने आया है उसमें मुंबई इंडियंस के मध्यक्रम बल्लेबाज तिलक वर्मा, सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज उमरान मलिक और पंजाब किंग्स के लिये पावरप्ले और डेथ ओवर्स स्पेशलिस्ट अर्शदीप सिंह शामिल हैं। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार चेतन शर्मा की अध्यक्षता वाली भारतीय चयन समिति जल्द ही साउथ अफ्रीका सीरीज और इंग्लैंड दौरे के लिये दो अलग-अलग टीमों का ऐलान करेगी। इसके अनुसार भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा, उपकप्तान केएल राहुल, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, विराट कोहली, ऋषभ पंत, मोहम्मद शमी, रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा को साउथ अफ्रीका सीरीज के लिये आराम दिया जायेगा तो वहीं पर इंग्लैंड दौरे के लिये ही इन खिलाड़ियों का सेलेक्शन होगा।

तिलक वर्मा को भी मिलेगी टीम में जगह
ऐसे में सीनियर खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में आईपीएल 2022 के स्टार प्लेयर्स तिलक वर्मा, उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह को कई अन्य युवा खिलाड़ियों के साथ भारतीय टी20 टीम में जगह दी जा सकती है। मुंबई इंडियंस के लिये खेलने वाले बल्लेबाज तिलक वर्मा ने इस साल काफी शानदार पारियां खेली हैं और टीम के शर्मनाक प्रदर्शन के बावजूद वह अपनी फ्रैंचाइजी के लिये इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बनें। तिलक वर्मा ने इस सीजन खेली गई 12 पारियों में 40.89 की औसत और 132.85 की स्ट्राइक रेट से 368 रन बनाये हैं।

उमरान मलिक की पेस ने उड़ाये हैं सबके होश
वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की पेस बैटरी में उमरान मलिक ने इस सीजन नई जान डाली है और 150 से ज्यादा की गति से गेंदबाजी करने की अपनी काबिलियत के चलते दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाजों को छकाया है। उमरान मलिक ने न सिर्फ इस सीजन की सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है बल्कि 12 मैचों में 18 विकेट भी अपने नाम कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 157 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंक कर आईपीएल इतिहास की दूसरी सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है।

अर्शदीप सिंह ने डेथ ओवर्स में किया है धमाल
पंजाब किंग्स के लिये पिछले 3 सीजन से शानदार प्रदर्शन कर रहे बायें हाथ के पेसर अर्शदीप सिंह ने इस सीजन भी बेहतरीन खेल दिखाया और न सिर्फ पावरप्ले में बल्कि डेथ ओवर्स में अच्छी गेंदबाजी कर अपनी टीम को मैच जिताये हैं। इस दौरान अर्शदीप सिंह के खाते में भले ही 7 विकेट आये हों लेकिन डेथ ओवर्स में उनकी गेंदबाजी की काबिलियत ने अलग छाप छोड़ी है। इन 3 खिलाड़ियों के अलावा ऋतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा और आवेश खान को भी साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम में जगह दी सकती है।

आयरलैंड दौरे पर भी जायेगी यही टीम
इस टी20 सीरीज के लिये शिखर धवन, हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक और भुवनेश्वर कुमार को भी बतौर सीनियर खिलाड़ी टीम में शामिल किये जाने की उम्मीद है। वहीं पर शिखर धवन को टीम की कप्तानी का भार भी सौंपा जा सकता है। इस दौरान यह भी कयास लगाये जा रहे हैं कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलने वाली भारतीय टीम को आयरलैंड के खिलाफ 26 और 28 जून को खेले जाने वाले 2 मैचों की टी20 सीरीज के लिये भी चुना जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications