'वो बिल्कुल कोहली-रोहित की तरह खेलते हैं', पार्थिव पटेल ने इन युवा खिलाड़ियों पर दिया बड़ा बयान
नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज में लगातार 2 मैच हारने के बाद ऋषभ पंत की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने आखिरकार वापसी कर ली है। भारतीय टीम ने तीसरे मैच में 48 रनों से जीत हासिल कर अपनी वापसी का ऐलान कर दिया है और सीरीज को जिंदा रखा है। भारतीय टीम की इस जीत में उसके सलामी बल्लेबाज ईशान किशन और ऋतुराज गायकवाड़ ने इस मैच में पहले विकेट के लिये 97 रनों की साझेदारी की और अपनी-अपनी अर्धशतकीय पारियों के दम पर भारतीय टीम को 179 रन के स्कोर तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई।

ऋतुराज गायकवाड़ ने पहले दो मैचों में सिर्फ 24 रन (23 और एक रन) बनाये थे जिसके चलते उन्होंने इस मैच में संभल कर शुरुआत की और पांचवे ओवर में गेंदबाजी करने आये नॉर्खिया के एक ओवर में 4 चौके लगाकर 20 रन बटोरे। गायकवाड़ ने क्रिकेट के किताबी शॉट लगाते हुए 7 चौके और दो छक्कों की मदद से 57 रनों की पारी खेली।
और पढ़ें: Ranji Trophy: पहले सेमीफाइनल मैच में ठोंका शतक फिर किया प्यार का इजहार, वायरल हुई पोस्ट

छठे मैच में गायकवाड़ ने ठोंका पहला अर्धशतक
गायकवाड़ ने अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक अपने छठे मैच के दौरान महज 30 गेंदों में पूरा किया, लेकिन इसके बाद केशव महाराज की गेंद का शिकार हो गये। पहले दो मैचों में गायकवाड़ के खराब प्रदर्शन के चलते लगातार टीम में बदलाव करने की मांग हो रही थी लेकिन उन्होंने तब जाकर रन बनाये जब टीम को सबसे ज्यादा जरूरत थी। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने इस युवा बैटर की जमकर तारीफ की है और कहा कि उनके पास सही बल्लेबाजी तकनीक है जिसके चलते उन्हें फॉर्म को लेकर संघर्ष करने की जरूरत नहीं है। पार्थिव पटेल ने ऋतुराज गायकवाड़ की तारीफ करते हुए कहा कि वो रोहित शर्मा और विराट कोहली की तरह रिस्क-फ्री शॉट खेलते हैं।

कोहली-रोहित की तरह खेलते हैं रिस्क फ्री शॉट
क्रिकबज से बात करते हुए पार्थिव पटेल ने कहा,'ऋतुराज के पास कम रिस्क लेकर बड़े शॉट खेलने का हुनर है। हमने यह काबिलियत केएल राहुल, विराट कोहली और रोहित शर्मा में देखी है। जब ऋतुराज आईपीएल में खेल रहे थे तो कई लोगों का मानना था कि वो फॉर्म से बाहर चल रहे हैं लेकिन एक खिलाड़ी जिसके पास सही तकनीक है वो फॉर्म से ज्यादा दिन तक संघर्ष नहीं करते हैं। वो जल्द ही अपना मोजो ढूंढ लेंगे। एक अच्छे खिलाड़ी को फॉर्म में लौटने के लिये बस एक अच्छी पारी की दरकार होती है।'

मेंटल प्रोसेस पर है भरोसा
गौरतलब है कि ऋतुराज आईपीएल के इस सीजन में कुछ खास धमाल नहीं कर पाये थे और शुरुआती मैचों में संघर्ष करते नजर आये, हालांकि 3 अर्धशतकीय पारियों के चलते वो 14 मैचों में 368 रन बनाने में कामयाब रहे। ऐसे में जब गायकवाड़ से फॉर्म को लेकर बात की गई तो उन्होंने साफ किया कि वो प्रक्रिया और मानसिक मजबूती पर काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा,'आईपीएल में विकेट थोड़ा गेंदबाजों की मददगार थी और वहां पर कोई भी सपाट विकेट नहीं था। वहां पर दोहरी गति मौजूद थी, गेंद काफी घूम रही थी और स्विंग भी थी। तो आईपीएल के 3-4 मैचों में मैं कुछ अच्छी गेंदों पर अपना विकेट गंवा बैठा तो वहीं पर कुछ अच्छे शॉट फील्डर के हाथ में चले गये जो टी20 क्रिकेट का हिस्सा है। यहां पर आपको कुछ खराब दिन और कुछ बहुत खराब दिनों का सामना करना पड़ता है। यह मानसिक रूप से निरंतरता और प्रक्रिया में विश्वास रखने का मामला है।'












Click it and Unblock the Notifications