IND vs SA: आखिरी टेस्ट में द्रविड़ का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं विराट कोहली, क्या खत्म हो पायेगा शतक का सूखा

नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच केपटाउन के मैदान पर खेला जाना है, जहां पर साउथ अफ्रीका की टीम जोहान्सबर्ग में मिली 7 विकेट की ऐतिहासिक जीत के बाद उतर रही है, तो वहीं पर भारतीय टीम के लिये उसके नियमित कप्तान विराट कोहली भी वापसी कर रहे हैं। दोनों टीमें इस समय सीरीज का एक-एक मैच जीतकर बराबरी पर चल रही हैं और केपटाउन में खेला जाने वाला यह मैच निर्णायक साबित होगा। सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में विराट कोहली पीठ में खिंचाव से परेशान हो गये थे और इसी वजह से टॉस से पहले मैदान पर नहीं उतर सके।
टीम मैनेजमेंट ने विराट कोहली को आराम देकर केएल राहुल को टीम की कमान सौंपी लेकिन कोहली की गैर मौजूदगी में भारत के पहली बार साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर टेस्ट सीरीज जीतने की उम्मीदों को झटका लगा। भारतीय टीम को जोहान्सबर्ग टेस्ट में अपने नियमित कप्तान की कमी खली और वो चौथी पारी में 240 रनों लक्ष्य नहीं बचा सकी। 7 विकेट से हार का सामना करने के बाद केपटाउन पहुंची भारतीय टीम में वापसी कर रहे कप्तान विराट कोहली फैन्स के इस सपने को सच करने की पूरी कोशिश करते नजर आयेंगे।
और पढे़ं: 5 खिलाड़ी जिनके नाम है क्रिकेट का सबसे ऊंचा कैच लेने का विश्व रिकॉर्ड, एक ने तुड़वा ली थी अपनी उंगली
केपटाउन के मैदान पर जहां मैच जीतकर भारतीय कप्तान साउथ अफ्रीका को उसी के घर पर हराने वाले पहले कप्तान का रिकॉर्ड अपने नाम करेंगे तो वहीं पर एक निजी रिकॉर्ड के मामले में वो टीम के हेड कोच और पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ को भी पीछे छोड़ते हुए नजर आ सकते हैं। साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में विराट कोहली फिलहाल तीसरे पायदान पर काबिज हैं और केपटाउन टेस्ट में वो राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ने से महज 14 रन ही दूर हैं।
विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर खेले गये टेस्ट मैचों में अब तक 50 से ज्यादा की औसत से 611 रन बनाये हैं, वहीं पर राहुल द्रविड़ ने 11 टेस्ट मैच में 624 रन अपने नाम किये हैं। इस फेहरिस्त में क्रिकेट का भगवान माने जाने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का नाम सबसे ऊपर है जिन्होंने 15 टेस्ट मैच में 46.44 की औसत से 1161 रन बनाये हैं। इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 2 अर्धशतकीय पारियां भी खेली हैं।
और पढ़ें: IND vs SA: केपटाउन टेस्ट से बाहर हुए मोहम्मद सिराज, आखिरी मैच में लौटेंग विराट कोहली
गौरतलब है कि भारत ने सेंचुरियन के मैदान पर 113 रनों से जीत हासिल कर इतिहास रचा था और साउथ अफ्रीका को इस मैदान पर हराने वाली पहली एशियाई और दुनिया की तीसरी टीम बनी थी। हालांकि साउथ अफ्रीका की टीम ने कप्तान डीन एल्गर की पारी के दम पर हिसाब बराबर करते हुए जोहान्सबर्ग के मैदान पर पहली बार भारत को हराया। अब भारतीय टीम सीरीज के आखिरी मैच में जीत हासिल कर पहली बार साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर टेस्ट सीरीज जीतने का रिकॉर्ड अपने नाम करना चाहती है।












Click it and Unblock the Notifications