IND vs SA: 11 साल बाद साउथ अफ्रीका को मिली ऐतिहासिक जीत, जोहान्सबर्ग में पहली बार हारा भारत

नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच जोहान्सबर्ग के मैदान पर खेला गया जहां पर डीन एल्गर की कप्तानी पारी के दम पर साउथ अफ्रीका की टीम ऐतिहासिक जीत हासिल की। चौथी पारी में 240 रनों का पीछा कर रही साउथ अफ्रीका की टीम ने कप्तान डीन एल्गर (नाबाद 96) की अर्धशतकीय पारी और रैसी वैन डार दुसैं (40) की तेजतर्रार इनिंग के दम पर जीत हासिल की और सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। साउथ अफ्रीका की टीम के लिये साल 2011 के बाद यह पहला मौका है जब उसने चौथी पारी में 200 से ज्यादा रनों का पीछा करते हुए जीत हासिल की है।
वहीं पर भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर खेले गये टेस्ट मैचों में पहली बार जोहान्सबर्ग के मैदान पर हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय टीम ने कुल 22 टेस्ट मैच साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर खेले हैं, जिसमें से 6 मैच जोहान्सबर्ग की मेजबानी में आयोजित किये गये। इस मैदान पर खेले गये 6 मैचों में भारतीय टीम ने 2 बार जीत और 3 बार ड्रॉ खेला है, जबकि इस मैच के साथ पहली बार हार का सामना करना पड़ा है।
और पढ़ें: IND vs SA: जोहान्सबर्ग टेस्ट में रबाडा ने तोड़ा मॉर्केल का रिकॉर्ड, शार्दुल के नाम हुआ खास आंकड़ा
भारतीय टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों के सामने वो 202 रन ही बना सकी। भारतीय टीम के लिये इस पारी में कप्तान केएल राहुल (50) और रविचंद्रन अश्विन (46) ने अहम पारियां खेली। वहीं साउथ अफ्रीका के लिये मार्को येन्सन (4 विकेट), कगिसो रबाडा (3 विकेट) और डुएन ओलिवर (3 विकेट) ने भारतीय बल्लेबाजों को समेटने का काम किया।
इस बीच रनों का पीछा करने साउथ अफ्रीका की टीम ने पहली पारी में कीगन पीटरसन (62) और टेंबा बावुमा (51) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 229 रन बना कर 27 रनों की बढ़त हासिल कर ली। भारत के लिये शार्दुल ठाकुर ने सबसे ज्यादा 7 विकेट हासिल किये तो वहीं पर मोहम्मद शमी (2 विकेट) और जसप्रीत बुमराह (1 विकेट) ने भी साउथ अफ्रीका को बैकफुट पर धकेलने का काम किया। दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजों की शुरुआत खराब रही लेकिन उसने चेतेश्वर पुजारा (53) और अजिंक्य रहाणे (58) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर बढ़त को 200 के पार पहुंचा दिया। हनुमा विहारी (नाबाद 40) की अहम पारी की बदौलत भारतीय टीम चौथी पारी में 266 रन बनाने में कामयाब हो गई और उसने जीत के लिये 240 रनों का लक्ष्य दिया।
और पढ़ें: Ashes 2021-22: सिडनी टेस्ट में 3 साल बाद लौटे उस्मान ख्वाजा, शतक ठोंक लगाई रिकॉर्ड की झड़ी
तीसरे दिन 240 रनों का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम ने सधी हुई शुरुआत की और दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट खोकर 118 रन जोड़ लिये। मैच के चौथे दिन बारिश के चलते पहले दो सेशन पूरी तरह से खराब हो गये, हालांकि तीसरे सेशन में जब खेल शुरू हुआ तो साउथ अफ्रीकी टीम के लिये कप्तान डीन एल्गर (96) और रैसी वैन डार दुसैं (40) ने पारी को आगे बढ़ाते हुए तीसरे विकेट के लिये 82 रनों की साझेदारी कर मैच को एकतरफा कर दिया।
मोहम्मद शमी ने दुसैं का विकेट लेकर साझेदारी को तोड़ा जरूर लेकिन शार्दुल ठाकुर टेंबा बावुमा का कैच पकड़ने में नाकाम रहे और इसका खामियाजा भारतीय टीम को भुगतना पड़ा। साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों ने यहां से आसानी से रन बना डाले और 7 विकेट से भारत को हराकर जोहान्सबर्ग के मैदान पर पहली बार भारतीय टीम के खिलाफ जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही सीरीज 1-1 की बराबरी पर पहुंच गई है।












Click it and Unblock the Notifications