Ashes 2021-22: सिडनी टेस्ट में 3 साल बाद लौटे उस्मान ख्वाजा, शतक ठोंक लगाई रिकॉर्ड की झड़ी

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की एशेज टेस्ट सीरीज का चौथा मैच सिडनी के मैदान पर खेला जा रहा है, जिसका दिन फिर से कंगारू बल्लेबाजों के नाम रहा। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 8 विकेट खोकर 418 रन बनाये और पारी घोषित कर इंग्लिश बल्लेबाजों को बैटिंग के लिये बुलाया। इस दौरान ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने 5 ओवर फेंके जिसमें इंग्लैंड ने बिना कोई विकेट खोये 13 रन बना लिये हैं और फिलहाल 403 रनों से पीछे हैं। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने पहले दिन का खेल समाप्त होने पर 3 विकेट खोकर 126 रन बना लिये थे, जहां पर उपकप्तान स्टीव स्मिथ और 2019 की एशेज सीरीज के बाद वापसी करने वाले उस्मान ख्वाजा पारी को संभाल रहे थे।
और पढ़ें: Ashes 2021-22: रात भर पेट दर्द से परेशान थे मार्क वुड, फिर भी लाबुशेन को भेजा पवेलियन
ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिये दूसरे दिन के खेल को आगे बढ़ाते हुए इन दोनों बल्लेबाजों ने रन बनाना जारी रखा और चौथे विकेट के लिये 115 रनों की साझेदारी कर डाली। इस साझेदारी में स्टीव स्मिथ (67) ने 5 चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया तो वहीं पर उस्मान ख्वाजा (137) अपने शतक की ओर बढ़ते नजर आये। ऑस्ट्रेलिया के लिये पुछल्ले बल्लेबाजों ने छोटी-छोटी लेकिन अहम पारियों के रूप में रन बनाना जारी रखा जिसके चलते कंगारू टीम ने पहली पारी में 416 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया। कंगारू टीम की इस पारी में उस्मान ख्वाजा ने सबसे ज्यादा 137 रनों की पारी खेली और लगभग 3 साल बाद वापसी करते हुए रिकॉर्डों की झड़ी लगा दी। आइये एक नजर दूसरे दिन के बाद बने रिकॉर्डस पर डालते हैं-
और पढ़ें: IND vs SA: वक्त आ गया है कि बदल दिया जाये यह बड़ा नियम, क्रिकेट को उठाना पड़ रहा है नुकसान

3 हजारी बनें उस्मान ख्वाजा
ऑस्ट्रेलिया के लिये खेलने वाले पाकिस्तानी मूल के उस्मान ख्वाजा 2019 में आयोजित हुई एशेज सीरीज के दौरान पहली बार टेस्ट क्रिकेट में खेलते हुए नजर आये। इस दौरान ख्वाजा के बर्ताव को लेकर काफी विवाद हुए जिसकी वजह से उन्हें वापसी के लिये लंबा इंतजार करना पड़ा। हालांकि ख्वाजा ने धमाकेदार वापसी करते हुए अपने टेस्ट करियर का नौंवा शतक जड़ डाला। उस्मान ख्वाजा ने इंग्लैंड के खिलाफ इस मैच में 260 गेंदों का सामना किया और 13 चौकों की मदद से 137 रनों की पारी खेली। इसके साथ ही उस्मान ख्वाजा ने अपने टेस्ट करियर में 3 हजार रनों के आंकड़े को पार कर लिया और फिलहाल 3024 रन पर पहुंच गये हैं। उस्मान ख्वाजा ने एशेज के दौरान अपना दूसरा शतक लगाया है, हैरानी की बात यह है कि उनका पिछला शतक भी (2018) में सिडनी के मैदान पर ही आया था।
उस्मान ख्वाजा ने अपनी इस पारी के साथ ही 21वीं सदी के एशेज में एक पारी के दौरान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में अपना नाम शुमार कर लिया है और पांचवे पायदान पर पहुंच गये हैं। उस्मान ख्वाजा ने अपने टेस्ट करियर में अब तक 9 शतक लगाये हैं जिसमें से 7 उनकी घरेलू सरजमीं पर आये हैं।

स्टीव वॉ के बराबर पहुंचे स्टीव स्मिथ
उस्मान के अलावा ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट करियर का 33वां अर्धशतक लगाया और कई सारे रिकॉर्ड अपने नाम किये। स्मिथ ने 141 गेंदों का सामना किया और 5 चौकों की मदद से 67 रनों की पारी खेली। यह उनकी ओर से एशेज में खेली गई 22वीं 50+ पारी रही, जिसके साथ ही वह एशेज में सबसे ज्यादा बार 50+ रनों की पारियां खेलने वाले चौथे बल्लेबाज बन गये हैं। इस फेहरिस्त में डॉन बैडमैन (31), एलन बॉर्डर (26) और स्टीव वॉ (24) का नाम भी शामिल है। स्टीव स्मिथ के करियर में यह 10वां मौका था जब उन्होंने सिडनी के इस मैदान पर 50 से ज्यादा रनों की पारी खेली। उन्होंने सिडनी के मैदान पर सबसे ज्यादा 50+ रनों की पारी खेलने के मामले में पूर्व कप्तान स्टीव वॉ के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
स्टीव स्मिथ के करियर में यह 60वां मौका रहा जब उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 50 से ज्यादा रनों की पारी खेली, जिसके साथ ही वह सबसे ज्यादा बार यह कारनामा करने वाले 5वें ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गये हैं। इस फेहरिस्त में रिकी पोंटिंग (103), एलन बॉर्डर (90), स्टीव वॉ (82) और मार्क वॉ (67) का नाम भी शामिल है।

स्टुअर्ट ब्रॉड ने तोड़ा एंडरसन का रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया के इस दिग्गज बल्लेबाज की पारी का अंत स्टुअर्ट ब्रॉड ने किया जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 9वीं बार स्टीव स्मिथ को पवेलियन भेजा और यह कारनामा करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में सबसे आगे पहुंच गये हैं। उन्होंने इस मामले में अपने हमवतन जेम्मस एंडरसन (8 बार) को पीछे छोड़ा। ब्रॉड ने अपने करियर में सबसे ज्यादा बार डेविड वॉर्नर (13), माइकल क्लार्क (11), रोस टेलर (11) और एबी डिविलियर्स (11 बार) का विकेट हासिल किया है। इस पारी के दौरान स्टुअर्ट ब्रॉड ने अपने टेस्ट करियर की 19वीं और एशेज में 8वीं बार 5 विकेट हॉल पूरा करने का कारनामा किया है। वह एशेज में सबसे ज्यादा बार 5 विकेट हॉल लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गये हैं। इस लिस्ट में सिडनी बार्न्स (12) और टॉम रिचर्डसन (11) का नाम सबसे ऊपर है। वहीं इस मैच में 5 विकेट लेकर ब्रॉड ने एशेज में कुल 125 विकेट हासिल कर लिये हैं और इस सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले तीसरे गेंदबाज बन गये हैं। उन्होंने बॉब विलीस (23) को पीछे छोड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications