IND vs SA: जोहान्सबर्ग टेस्ट में रबाडा ने तोड़ा मॉर्केल का रिकॉर्ड, शार्दुल के नाम हुआ खास आंकड़ा

नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच जोहान्सबर्ग के मैदान पर खेला जा रहा है, जिसका चौथा दिन फिलहाल बारिश की वजह से प्रभावित हो रहा है। बारिश के चलते मैच के चौथे दिन का खेल अब तक शुरू नही हो सका है और पहले दो सेशन पूरी तरह से धुल गये हैं। ऐसे में अगर 7 बजे तक खेल शुरू नहीं हो सका तो चौथे दिन के खेल को रद्द कर दिया जायेगा। फिलहाल साउथ अफ्रीका की टीम इस मैच में जीत की ओर बढ़ती नजर आ रही है, हालांकि भारतीय टीम के लिये उसके गेंदबाज ही जीत की आखिरी उम्मीद हैं। भारतीय टीम ने मैच की तीसरी पारी में 266 रन बनाये और साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिये 240 रनों का लक्ष्य रखा है।
और पढ़ें: Ashes 2021-22: सिडनी टेस्ट में 3 साल बाद लौटे उस्मान ख्वाजा, शतक ठोंक लगाई रिकॉर्ड की झड़ी
इसके जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम ने 2 विकेट खोकर 118 रन बना लिये हैं और फिलहाल जीत से 122 रन दूर खड़ी है। साउथ अफ्रीका के लिये कप्तान डीन एल्गर (46) अर्धशतक की ओर बढ़ रहे हैं, जबकि दुसैं उनका अच्छा साथ निभा रहे हैं। अगर साउथ अफ्रीका की टीम 240 रनों का पीछा कर लेती है तो 2011 के बाद यह पहली बार होगा जब साउथ अफ्रीका की टीम चौथी पारी में 200 से ज्यादा के लक्ष्य को चेज करते हुए जीत हासिल करेगी। साउथ अफ्रीका की टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचाने का श्रेय उसके तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा को जाता है जिन्होंने तीसरे दिन शानदार गेंदबाजी की और कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिये। आइये एक नजर तीसरे दिन के बाद बने आंकड़ों पर डालते हैं-
और पढ़ें: 'वो अगला टेस्ट नहीं खेलता है तो बहुत दुर्भाग्यपूर्ण होगा', गंभीर को सता रही चिंता

रबाडा ने तोड़ा फिलैंडर का रिकॉर्ड
मैच के तीसरे दिन कगिसो रबाडा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 20 ओवर में 77 रन देकर 3 विकेट हासिल किये। कगिसो रबाडा ने अपनी इस गेंदबाजी के साथ ही अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 400 विकेट के आंकड़े को पार कर लिया है और इस उपलब्धि को हासिल करने वाले 7वें अफ्रीकी गेंदबाज बन गये हैं। सभी प्रारूप में उनके कुल अंतर्राष्ट्रीय विकेटों की संख्या 401 पहुंच गई है। इतना ही नहीं कगिसो रबाडा के कुल टेस्ट विकेटों की संख्या 226 पहुंच गई है। रबाडा ने तीसरे दिन अजिंक्य रहाणे का विकेट लेते हुए पूर्व दिग्गज वरनैन फिलेंडर (224 विकेट) के सबसे ज्यादा विकेट लेने के रिकॉर्ड की बराबरी की और पुजारा को एलबीडब्लयू कर उन्हें पछाड़ दिया। पुजारा का विकेट लेने के साथ ही साउथ अफ्रीका के लिये सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले 7वें टेस्ट गेंदबाज बन गये।

पंत के विकेट से तोड़ा मोर्केल का रिकॉर्ड
इतना ही नहीं रबाडा ने ऋषभ पंत का विकेट लेकर पूर्व तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्केल का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है। कगिसो रबाडा अब जोहान्सबर्ग के मैदान पर सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गये हैं, जिन्होंने इस मैदान पर अब तक 30 विकेट चटकाये हैं जबकि मोर्केल के नाम 29 विकेट हैं। ऋषभ पंत इस पारी में डक पर आउट हुए जो कि 2018 में इंग्लैंड दौरे के बाद पहली बार आया है। पंत अपने करियर में दूसरी बार डक का शिकार हुए हैं। पंत के लिये पिछले कुछ समय से रन नहीं आये हैं और वो विश्व टेस्ट चैम्पियशिप फाइनल के बाद से खेली गई 11 पारियों में सिर्फ 18.63 की औसत से रन बना पाये हैं। इतना ही नहीं पिछली 13 पारियों में सिर्फ एक बार ही उनके बल्ले से अर्धशतक आया है।

4 साल में सिर्फ दूसरी बार रहाणे-पुजारा ने की शतकीय साझेदारी
भारतीय टीम के लिये इस मैच में जो भी सम्मानजनक स्कोर आया है उसके पीछे अजिंक्य रहाणे (58) और चेतेश्वर पुजारा (53) की अर्धशतकीय पारियां रही, जो कि लंबे समय से फॉर्म से जूझ रहे थे। साल 2018 के बाद यह दूसरी बार है जब भारतीय टीम की इस जोड़ी ने एशिया के बाहर शतकीय साझेदारी की है। इससे पहले 2021 के इंग्लैंड दौरे पर लॉर्डस के मैदान पर दोनों ने शतकीय साझेदारी की थी। अजिंक्य रहाणे ने 9 पारियों के बाद अर्धशतक ठोंका है। इस मैच में रबाडा के अलावा डुएन ओलिवर ने भी शानदार गेंदबाजी की और 3 विकेट अपने नाम किये। वह 11 टेस्ट मैचों के बाद सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों की लिस्ट में तीसरे पायदान पर पहुंच गये हैं। इस फेहरिस्त में वरनैन फिलैंडर (62), पीटर पोलॉक (57), ह्यु टेफील्ड (52) और डुएन ओलिवर (52) का नाम शामिल है।

15 साल बाद यह कारनामा करने वाले पहले बॉलर बनें शार्दुल ठाकुर
वहीं जब साउथ अफ्रीकी टीम बल्लेबाजी करने उतरी तो सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम ने 38 गेंदों में 6 चौके लगाकर 31 रनों की पारी खेली। इसके साथ ही उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 400 चौके के आंकड़े को पार कर लिया और फिलहाल 405 चौकों पर पहुंच गये हैं। शार्दुल ठाकुर ने मार्करम को एलबीडब्लयू कर भारतीय टीम को पहली सफलता दिलाई और 2006 के बाद जोहान्सबर्ग टेस्ट में 8 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गये हैं। भारत के लिये यह कारनामा अनिल कुंबले (1992) और श्रीसंत (2006) पहले कर चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications