IND vs AUS: शमी ने बल्ले से मचाई तबाही, तोड़ा कोहली का रिकॉर्ड, द्रविड़-पुजारा से भी निकले आगे
India vs Australia 1st Test Nagpur: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने बल्ले से कमाल का प्रदर्शन किया है। नागपुर में शमी ने अपनी बल्लेबाजी से सभी का दिल जीत लिया।

India vs Australia 1st Test Nagpur: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों ने नागपुर में शानदार प्रदर्शन किया। ऑस्ट्रेलिया के 177 रनों के जवाब में भारत ने पहली पारी में 400 रन बनाने का काम किया। ऑस्ट्रेलिया पर भारत ने 223 रन की बढ़त बना ली है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के लिए अब इस मुकाबले में वापसी करना कतई आसान नहीं होने वाला है। ऑस्ट्रेलिया पर पहला टेस्ट मैच हारने का संकट मंडरा रहा है।

शमी ने बल्ले से किया कमाल
नागपुर टेस्ट में मोहम्मद शमी ने बल्ले से कमाल का प्रदर्शन किया। विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में मोहम्मद शमी ने तीन दमदार छक्के जड़ने का काम किया। भारत के लिए पहली पारी में सबसे अधिक छक्के शमी ने ही लगाए। शमी के अलावा कप्तान रोहित शर्मा ने भी इस मुकाबले में दो शानदार छक्के लगाए। शमी ने तीन छक्के लगाने के साथ ही एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

छक्कों के मामलों में दिग्गजों को पछाड़ा
टेस्ट मैचों में छक्के लगाने के मामले में मोहम्मद शमी ने विराट कोहली को भी पछाड़ दिया है। विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में 24 छक्के लगाए हैं वहीं मोहम्मद शमी के नाम अब 25 छक्के हो गए हैं। राहुल द्रविड़ और चेतेश्वर पुजारा के भी टेस्ट छक्कों के रिकॉर्ड को शमी ने तोड़ दिया है। राहुल द्रविड़ के नाम टेस्ट क्रिकेट में 21 छक्के हैं वहीं चेतेश्वर पुजारा ने अबतक केवल 15 छक्के जड़े हैं। मोहम्मद शमी ने इन दो बड़े खिलाड़ियों को भी पछाड़ने का काम किया।

भारत की पहली पारी 400 पर खत्म
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने अक्षर पटेल को क्लीन बोल्ड कर भारत की पहली पारी 400 के स्कोर पर खत्म की। नागपुर की पिच में स्पिन गेंदबाजों को मिल रही मदद के बीच भारतीय लो-ऑर्डर बल्लेबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया। मोहम्मद शमी और अक्षर पटेल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी ने ऑस्ट्रेलिया को मैच में बेकफुट पर धकेल दिया है। बल्लेबाजी में धमाकेदार प्रदर्शन करने के बाद अब मोहम्मद शमी गेंद से भी कमाल करना चाहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications