IND vs AFG: भारत ने अफगानिस्तान को 170 रनों से हराया, सीरीज पर भी जमाया कब्जा
IND vs AFG: लखनऊ में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 49.5 ओवर में 402 रन बनाकर अफगानिस्तान के सामने 403 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। भारत की पारी की सबसे बड़ी खासियत शुभमन गिल और ईशान किशन के शानदार शतक रहे, जिनकी बदौलत टीम ने 400 का आंकड़ा पार किया।
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और यशस्वी जायसवाल सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद रोहित शर्मा ने 39 गेंदों में 48 रन की तेज पारी खेलकर रनगति को बनाए रखा। रोहित के आउट होने के बाद कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन ने अफगान गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।

गिल और किशन के धमाकेदार शतक
गिल ने 110 गेंदों पर 154 रन की कप्तानी पारी खेली, जिसमें 22 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं ईशान किशन ने 79 गेंदों में 125 रन ठोकते हुए 14 चौके और 7 छक्के लगाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच बड़ी साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया।, दोनों ने 200 से ज्यादा रनों की भागीदारी की
मध्यक्रम में श्रेयस अय्यर ने 26 रन और वॉशिंगटन सुंदर ने 19 रन का योगदान दिया। हालांकि केएल राहुल खाता खोले बिना आउट हो गए। अंत के ओवरों में भारतीय बल्लेबाज तेजी से रन जोड़ने की कोशिश में लगातार विकेट गंवाते रहे।
अफगानिस्तान की ओर से नंगेयालिया खरोटी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने गिल, किशन, अय्यर और राहुल समेत 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। राशिद खान ने भी 2 विकेट हासिल किए। भारत ने निर्धारित 50 ओवर पूरे होने से एक गेंद पहले 402 रन पर अपनी पूरी टीम गंवाई, लेकिन अफगानिस्तान के सामने जीत के लिए 403 रन का बेहद कठिन लक्ष्य रख दिया।
जवाबी पारी में खेलते हुए अफगानिस्तान ने सबसे पहले गुरबाज का विकेट गंवाया, वह 41 के स्कोर पर चले गए। उनके बाद इब्राहिम जादरान 21 के निजी स्कोर पर आउट होकर चलते बने। इन दोनों के विकेट जाने पर अफगान टीम ने सदिकुल्लाह अटल (42) का विकेट गंवाया।
रहमत शाह की शानदार पारी, भारत की जीत
एक तरफ चल रहे विकेट पतन के बीच रहमत शाह ने अपना संयम नहीं खोया। रहमत शाह अपने रन बनाते चले गए और शानदार फिफ्टी जमाने में सफल रहे। अंत में रहमत शाह 79 रन बना आउट हो गए और पूरी अफगान टीम 232 पर सिमट गई। अर्शदीप और गुरनूर ने 2-2 विकेट झटके। भारत ने सीरीज में 2-0 की विजयी बढ़त बना ली।












Click it and Unblock the Notifications