IND vs PAK: इस संडे फिर होगी भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत, बदल जाएगा जंग का मैदान
ICC Womens World Cup 2025: एशिया कप 2025 के फाइनल में दुबई में भारत ने पाकिस्तान को धूल चटाकर ऐतिहासिक खिताब जीत लिया, उसका खुमार अभी उतरा भी नहीं है कि मैदान पर एक और 'भारत-पाकिस्तान महासंग्राम' का बिगुल बज चुका है।
पिछले तीन 'सुपर संडे' को पुरुष टीम की लगातार तीन जीत (14, 21 और 28 सितंबर) ने जो रोमांच पैदा किया था, अब उसी जबरदस्त क्रेज को आगे ले जाने की ज़िम्मेदारी भारतीय महिला टीम के कंधों पर है।

जी हां! 5 अक्टूबर 2025 (रविवार) को लगातार चौथे संडे, चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान एक बार फिर भिड़ेंगे। इस बार जंग का मैदान होगा श्रीलंका का आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो होगा, जहां ICC महिला वर्ल्ड कप 2025 का सबसे बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। हालांकि, टूर्नामेंट कि शुरुआत आज मंगलवार से गुवाहाटी में भारत और श्रीलंका के बीच मैच से होगी।
IND vs PAK: भारत vs पाकिस्तान: कोलंबो में 'चौथे संडे' की महाभिड़ंत
एशिया कप में पुरुष टीमों के बीच तनावपूर्ण तीन मुकाबलों के बाद, अब सारी निगाहें महिला क्रिकेट पर टिक गई हैं। यह मुकाबला इसलिए और भी ख़ास है क्योंकि भारतीय टीम वनडे फॉर्मेट में पाकिस्तान के खिलाफ 100% जीत के रिकॉर्ड के साथ उतरेगी।
दोनों टीमों के बीच अब तक हुए 11 ODI मुकाबलों में भारत ने सभी 11 बार जीत हासिल की है, जो इस बात का प्रमाण है कि क्रिकेट के मैदान पर भारत का दबदबा पुरुष ही नहीं, बल्कि महिला क्रिकेट में भी कायम है। अब हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली यह टीम, इस रिकॉर्ड को 12-0 करने के लिए तैयार है।
यह एक ऐसा मौका है जब भारतीय महिलाएं अपने पुरुष समकक्षों की जीत की शानदार लय को बरकरार रखकर देश को गर्व महसूस कराएंगी।
IND vs PAK: क्यों कोलंबो बना जंग का मैदान?
यह हाई-वोल्टेज मुकाबला भारत में क्यों नहीं हो रहा, जबकि भारत महिला वर्ल्ड कप का सह-मेजबान है? दरअसल, यह मैच श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में एक तटस्थ स्थल (Neutral Venue) के रूप में खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB और BCCI) के बीच हुए एक समझौते के तहत यह तय किया गया है कि दोनों टीमें एक-दूसरे के देश में द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलेंगी, और मल्टी-नेशनल टूर्नामेंट के दौरान भी उनके मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर होंगे।
इसी समझौते के तहत पाकिस्तान की टीम अपने सभी वर्ल्ड कप मैच श्रीलंका में खेल रही है। यह फैसला भले ही राजनीतिक हो, लेकिन इससे मुकाबले का रोमांच जरा भी कम नहीं होने वाला। 5 अक्टूबर को भारतीय समयानुसार दोपहर 3:00 बजे (IST) यह महामुकाबला शुरू होगा।
IND vs PAK: फाइनल का क्रेज, वर्ल्ड कप का मंच
भारतीय टीम इस समय शानदार फॉर्म में है और कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ स्मृति मंधाना जैसी दिग्गज खिलाड़ी पहली बार अपनी धरती पर वर्ल्ड कप खिताब जीतने की ओर देख रही हैं। पिछले दो वर्ल्ड कप (2005 और 2017) में फाइनल तक का सफर तय करने वाली टीम इंडिया इस बार इतिहास बदलने की उम्मीद कर रही है। पुरुष टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद, अब सारा देश विमेंस इन ब्लू को चीयर करने के लिए तैयार है। यह मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि भावनाओं, प्रतिद्वंदिता और देश के गौरव का प्रतीक है।
भारत महिला टीम: प्रतीका रावल, स्मृति मंधाना, हरलीन देयोल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, राधा यादव, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, अमनजोत कौर, उमा छेत्री, श्री चरणी।












Click it and Unblock the Notifications