T20 टीम से ड्रॉप होने के बाद अब वनडे WC की तैयारियों में जुटे शिखर धवन, बताया अपना प्लान
टी20 टीम से बाहर किए जाने के बाद अब टीम इंडिया के स्टार ओपनर शिखर धवन (Shikhar Dhawan) का पूरा ध्यान वनडे क्रिकेट पर है।
लंदन, 12 जुलाई: टी20 टीम से बाहर किए जाने के बाद अब टीम इंडिया के स्टार ओपनर शिखर धवन (Shikhar Dhawan) का पूरा ध्यान वनडे क्रिकेट पर है। इंग्लैंड के खिलाफ मंगलवार से 3 मैचों की एकदिवसीय सीरीज का आगाज होने जा रहा है, जहां धवन भी टीम में वापसी करते नजर आएंगे। ये वनडे सीरीज शिखर के करियर के लिए काफी अहम मानी जा रही है। गब्बर के नाम से मशहूर शिखर धवन ने भारत की ओर से आखिरी 50 ओवर मुकाबला 11 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था।

फोकस वनडे वर्ल्ड कप पर
टी20 टीम से ड्रॉप किए जाने के बाद धवन ने अपना पूरा ध्यान अब अगले साल खेले जाने वाले वनडे वर्ल्ड कप लगाया है। इस बात की जानकारी उन्होंने स्वयं दी। वनडे वर्ल्ड अगले भारत में ही खेला जाएगा। शिखर धवन ऐसे में खुद को इस बड़े टूर्नामेंट के लिए तैयार करने के लिए IPL, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट में भी हिस्सा लेंगे, ताकि खुद को वर्ल्ड कप तक अच्छी स्थिति में रख सके।

इंग्लैंड की चुनौती के लिए धवन तैयार
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले शिखर धवन ने अपने बयान में कहा, "मैं दौरे से पहले अच्छी तरह से तैयारी करने की आवश्यकता को समझता हूं, इसलिए मैं अपने बेसिक्स और अपनी तैयारी के तरीके पर ध्यान देना सुनिश्चित करता हूं। मैं इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए काफी समय से अभ्यास कर रहा था और मुझे यकीन है कि आने वाले मैचों में, मैं अच्छी लय में रहूंगा।"

गब्बर ने बताया अपना प्लान
बाएं हाथ के अनुभवी सलामी बल्लेबाज ने आगे कहा, "मेरा ध्यान अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप पर है और उसके लिए मैं भारतीय टीम के लिए ज्यादा से ज्यादा मैच खेलना चाहता हूं और अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं। बीच में आईपीएल भी होगा, इसलिए मैं वहां अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा और घरेलू वनडे और टी20 मैच में भी खेलूंगा।"
इंग्लैंड सीरीज के बाद शिखर धवन वेस्टइंडीज दौरे पर खेली जाने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज में भी नजर आएंगे। इस सीरीज के लिए धवन को टीम इंडिया का कप्तान भी बनाया गया है।

शानदार रहा है धवन का करियर
शिखर धवन ने टीम इंडिया के लिए अपना पहला वनडे मैच साल 2010 में खेला था। अभी तक खेले 149 वनडे मैचों में 36 वर्षीय सलामी बल्लेबाज ने 45.54 की औसत और 93.37 के शानदार स्ट्राइक रेट से कुल 6284 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 17 शतक और 35 अर्धशतक देखने को मिले। धवन 2013 की आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से भारतीय वनडे टीम का नियमित हिस्सा रहे हैं। उन्होंने अकेले अपने दम पर टीम को कई मुकाबले भी जीताए हैं।

टीम इंडिया के लिए खेले दो वर्ल्ड कप
शिखर धवन टीम इंडिया के लिए 2015 और 2019 का वनडे वर्ल्ड कप खेल चुके हैं। दोनों ही टूर्नामेंट में भारत ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। 2015 के टूर्नामेंट में गब्बर ने 8 मैचों में 51.50 की बेहतरीन औसत के साथ कुल 412 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने दो शतक और एक अर्धशतक भी ठोका था। धवन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ (137) और आयरलैंड के खिलाफ 100 रन की पारी खेली थी।
2019 के विश्व कप में भी धवन बढ़िया लय में नजर आ रहे थे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार शतक भी जमाया था, लेकिन 2 मैचों के बाद ही चोटिल होने के चलते उनको पूरे टूर्नामेंट से बाहर होने पड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications