विराट कोहली के तूफानी प्रदर्शन को लेकर फील्डिंग कोच ने किया बड़ा खुलासा, बताया कैसे विदेशी धरती पर रचा इतिहास
West Indies vs India, 2nd Test: भारत के फील्डिंग कोच टी दिलीप ने टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के शानदार शतक के बाद उनकी फिटनेस की जमकर प्रशंसा की है। क्वींस पार्क ओवल में वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रहे दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन कोहली ने 121 रन बनाकर इतिहास रच दिया।
विराट कोहली ने अपना 500वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलते हुए 2018 के बाद भारत के लिए अपना पहला विदेशी शतक बनाया। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन कोहली ने अपने टेस्ट शतकों की संख्या को सर डोनाल्ड ब्रैडमैन के बराबर पहुंचा दिया। कोहली ने 206 गेंदों पर 11 चौके की मदद से 121 रन बनाए।

विराट कोहली की फिटनेस जूनियर्स के लिए फायदेमंद
फील्डिंग कोच दिलीप ने कहा कि जब फील्डिंग और फिटनेस की बात आती है तो कोहली लगातार ऊंचे मानक स्थापित कर रहे हैं और उनके उदाहरण से जूनियर्स को फायदा हो रहा है। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिलीप ने कहा कि, 'जब फिटनेस की बात आती है तो वह सबसे आगे रहते हैं।'
विराट कोहली को बताया सबसे आक्रामक फील्डर
उन्होंने कहा कि, 'यह मुख्य रूप से उनके अनुशासन और वह खुद को मेंटेन कैसे करते हैं, इस पर निर्भर करता है। 10 साल हो गए हैं और वह सबसे आक्रामक फील्डर हैं। इसका युवाओं पर अच्छा प्रभाव पड़ता है। हर कोई उन्हें देखता है - न केवल हमारी टीम, बल्कि दुनिया में हर कोई- उनके जैसा व्यक्ति बनना चाहता है।
विराट कोहली ने अपनी शानदार फॉर्म को रखा जारी
भारत के फील्डिंग कोच का मानना है कि बल्लेबाज ने वहीं से आगे बढ़ना जारी रखा है जहां उन्होंने पहले गेम छोड़ा था।दिलीप ने कहा कि, 'एक खिलाड़ी की अच्छी बात यह है कि वह कितना लगातार स्कोर करता है। उसने पिछले मैच की अपनी फॉर्म को इस मैच में भी जारी रखा है।'
दिलीप ने कहा कि, 'उन्होंने तुरंत तेजतर्रार ड्राइव के साथ शुरुआत नहीं की। उन्हें उसी तरह से मेहनत करनी पड़ी जैसा उन्होंने पहले गेम में किया था। उनका प्रदर्शन शानदार था, कुछ ऐसे स्पैल थे जहां वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया और उन्होंने उनका सम्मान किया। जब उन्हें इसका फायदा उठाना था, उन्होंने ऐसा किया। कुल मिलाकर, जिस तरह से उन्होंने अपनी पारी को आगे बढ़ाया वह शानदार था।'
दिलीप ने कहा कि, 'अगर आप अश्विन और जडेजा को देखें, तो दुनिया भर में हर कोई उन्हें उनके गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए जानता है, लेकिन अगर आप हाल ही में देखें खासकर जडेजा को तो उन्होंने अपनी बल्लेबाजी में जबरदस्त सुधार किया है कि वह अब नंबर 6 पर बल्लेबाजी कर रहे हैं।'
भारत के बल्लेबाजी कोच ने कहा कि, 'यह भारत के लिए एक शानदार संकेत है क्योंकि यह एक शानदार संयोजन देता है। अश्विन के पास हमेशा वह स्वभाव और रन बनाने की क्षमता होती है। इन दोनों के एक साथ होने से हमें न केवल गेंदबाजी में बल्कि बल्लेबाजी में भी फायदा मिलता है।'












Click it and Unblock the Notifications