गुरनूर बराड़ ने 10 विकेट लेकर काटा गदर, भारत ने श्रीलंका को हराकर जीत ली सीरीज
IND vs SL: भारत ए ने श्रीलंका दौरे का शानदार अंत करते हुए दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट में मेजबान श्रीलंका ए को 10 विकेट से हरा दिया। गॉल में रविवार को खत्म हुए मुकाबले में तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंकाई टीम की हार तय कर दी।
गुरनूर ने दोनों पारियों में कुल 10 विकेट लेकर टीम इंडिया को धमाकेदार जीत दिलाई। इस जीत के साथ भारत ए ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। पहला मुकाबला ड्रॉ रहा था, जबकि दूसरे टेस्ट में भारतीय खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में शानदार प्रदर्शन किया।

मैच के चौथे दिन भारत ए ने अपनी पहली पारी 543/9 पर घोषित की। टीम को पहली पारी के आधार पर 177 रन की अहम बढ़त मिली। इसके बाद गेंदबाजों ने श्रीलंका ए की दूसरी पारी को कभी भी संभलने का मौका नहीं दिया। गुरनूर बराड़ ने नई गेंद से लगातार झटके देकर मेजबान टीम पर दबाव बना दिया और पूरे मैच में सबसे प्रभावशाली साबित हुए।
शुरुआत से ही दबाव में आई श्रीलंका ए
177 रन से पिछड़कर दूसरी पारी खेलने उतरी श्रीलंका ए की शुरुआत बेहद खराब रही। गुरनूर बराड़ ने शुरुआती ओवरों में सोहन डी लिवेरा और नुवानिदु फर्नांडो को आउट कर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। इसके बाद आकिब नबी ने भी एक विकेट चटकाया, जिससे मेजबान टीम महज 9 रन पर तीन विकेट गंवा चुकी थी।
हालांकि एशेन बंडारा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ए की वापसी कराने की कोशिश की। उन्होंने सिर्फ 47 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाने का प्रयास किया। कप्तान सहान अरच्चिगे ने भी उनका साथ दिया, लेकिन यश ठाकुर ने उन्हें ज्यादा देर टिकने नहीं दिया।
गुरनूर बराड़ ने पलटा मैच
दूसरे सत्र में गुरनूर बराड़ ने एक बार फिर मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया। उन्होंने पहले अंजला बंडारा और फिर 87 रन बनाकर खेल रहे एशेन बंडारा को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद श्रीलंका ए की पारी नियमित अंतराल पर सिमटती चली गई।
सरांश जैन ने भी दो महत्वपूर्ण विकेट लेकर गेंदबाजी में अच्छा साथ निभाया। आखिर में गुरनूर बराड़ ने दिलुम सुदीरा और दुलाज समुधिता को आउट कर अपनी दूसरी पारी में छह विकेट पूरे किए। उन्होंने मैच में कुल 10 विकेट लेकर भारत ए की जीत में सबसे बड़ी भूमिका निभाई।
साई सुदर्शन ने खत्म किया मुकाबला
श्रीलंका ए की पूरी टीम 209 रन पर सिमट गई, जिससे भारत ए को जीत के लिए सिर्फ 33 रन का लक्ष्य मिला। चाय के बाद बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए महज 5.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
साई सुदर्शन ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों में नाबाद 25 रन बनाए। उन्होंने चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई। अमन मोखाडे भी 11 रन बनाकर नाबाद लौटे।
पूरे दौरे में रहा भारत का दबदबा
भारत ए के लिए यह दौरा बेहद सफल रहा। टीम ने पहले वनडे त्रिकोणीय सीरीज अपने नाम की और फिर दो मैचों की अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज भी 1-0 से जीत ली। बल्लेबाजी में साई सुदर्शन ने पूरे दौरे में निरंतर रन बनाए, जबकि गेंदबाजी में गुरनूर बराड़ ने अपनी धारदार गेंदबाजी से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा।












Click it and Unblock the Notifications