Ind Vs Zim: धवन की जगह केएल राहुल को सौंपी गई कमान, आंकड़ों से जानिए कप्तानी में किसका रिकॉर्ड बेहतर
भारतीय क्रिकेट टीम और फैंस के लिए गुरुवार को एक बड़ी खबर सामने आई।
नई दिल्ली, 12 अगस्त। भारतीय क्रिकेट टीम और फैंस के लिए गुरुवार को एक बड़ी खबर सामने आई। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने फिटनेस टेस्ट पास किया और अब वह जल्द ही टीम इंडिया के साथ जुड़ने वाले हैं। फिटनेस टेस्ट पास करने के साथ ही सिलेक्टर्स ने राहुल को जिम्बाब्वे दौरे पर खेली जाने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए भी बतौर कप्तान टीम में शामिल कर लिया है। इससे पहले शिखर धवन को जिम्बाब्वे दौरे की कमान सौंपी गई थी। हालांकि कप्तानी से हटाए जाने के कारण धवन के फैंस काफी नाराज भी हैं। बीसीसीआई ने सीरीज के लिए धवन को अब उपकप्तान बनाया है।

कौन है बेहतर कप्तान
केएल राहुल के कप्तान बनाए जाने के बाद से ही एक बहस छिड़ गई है कि कौन सा खिलाड़ी बतौर कप्तान बेहतर है। कई फैंस बीसीसीआई से सवाल भी कर रहे हैं कि क्या सिर्फ केएल राहुल बतौर सलामी बल्लेबाज दौरे पर नहीं जा सकते थे, शिखर को हटाकर उन्हें कमान सौंपने की क्या जरूरत थी। केएल राहुल की कप्तानी में भारत ने अब तक एक भी मैच नहीं जीता है। वहीं शिखर धवन की अगुवाई में भारतीय टीम ने पहले श्रीलंका और फिर वेस्टइंडीज को मात दी थी। ऐसे में आइए जानते हैं कप्तानी में दोनों खिलाड़ियों को बतौर कप्तान कैसा रिकॉर्ड है।

धवन का रिकॉर्ड बेहतर
धवन ने पिछले साल जुलाई में श्रीलंका के खिलाफ पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी की थी। वह हाल ही में वेस्टइंडीज दौरे पर भी टीम के कप्तान थे। वेस्टइंडीज के खिलाफ जहां भारतीय टीम ने तीन वनडे मैचों की सीरीज में क्लीनस्वीप किया था, वहीं श्रीलंका के खिलाफ 2-1 से सीरीज अपने नाम की थी। पिछले साल श्रीलंका के खिलाफ भारतीय टीम ने टी20 सीरीज में 1-2 से गंवा दी थी। केएल राहुल की कप्तानी में भारत ने इस साल जनवरी में दक्षिण अफ्रीका का दौरा किया था। इस दौरे पर भारत ने तीन वनडे मैच खेले थे और सभी में हार का सामना करना पड़ा था। केएल राहुल ने अभी तक 4 इंटरनेशनल मुकाबलों (1 टेस्ट, 3 वनडे) में भारत की कप्तानी की है और सभी में हार ही मिली है।

धवन का अब तक करियर
शिखर धवन ने अपने करियर में अब तक 34 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान 58 पारियों में उन्होंने 40.61 की औसत और 66.94 के स्ट्राइक रेट से 2315 रन बनाए हैं। उन्होंने टेस्ट में 5 अर्धशतक और 7 शतक जड़े हैं। 155 वनडे में धवन ने 45.40 की औसत और 92.53 के स्ट्राइक रेट से 6493 रन बनाए हैं। एकदिवसीय में उन्होंने 37 अर्धशतक और 17 शतक जड़े हैं। वहीं 68 टी20 इंटरनेशनल में 27.92 की औसत और 126.36 के स्ट्राइक रेट से धवन ने 1759 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 11 अर्धशतक भी जड़े हैं।

राहुल का अब तक करियर
केएल राहुल ने अपने करियर में अब तक 43 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान 74 पारियों में उन्होंने 35.37 की औसत और 52.70 के स्ट्राइक रेट से 2547 रन बनाए हैं। टेस्ट में उन्होंने 13 अर्धशतक और 7 शतक जड़े हैं। 42 वनडे में राहुल ने 46.68 की औसत और 88.61 के स्ट्राइक रेट से 1634 रन बनाए हैं। एकदिवसीय में केएल ने 10 अर्धशतक और 5 शतक भी जड़े हैं। वहीं 56 टी20 इंटरनेशनल में 40.68 की औसत और 142.49 के स्ट्राइक रेट से उन्होंने 1831 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 16 अर्धशतक और 2 शतक भी निकले हैं।

जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया
केएल राहुल (कप्तान) शिखर धवन (उपकप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, दीपक हुड्डा, राहुल त्रिपाठी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, आवेश खान, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, दीपक चाहर।
3 वनडे मैचों की सीरीज का शेड्यूल
- पहला वनडे: 18 अगस्त, हरारे स्पोर्ट्स क्लब
- दूसरा वनडे: 20 अगस्त, हरारे स्पोर्ट्स क्लब
- तीसरा वनडे: 22 अगस्त, हरारे स्पोर्ट्स क्लब












Click it and Unblock the Notifications