IND vs WI: जायसवाल की काबिलियत, अश्विन के कमाल, पारी की घोषणा और खुद को शतक पर क्या बोले रोहित शर्मा
India vs West Indies 2023: भारतीय क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 की शानदार शुरुआत करते हुए वेस्टइंडीज की धरती पर पहला टेस्ट मैच एक पारी और 141 रनों से जीत लिया है। भारत की जीत में 171 रन बनाने वाले डेब्युटेंट यशस्वी जायसवाल को प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया है।
इसके अलावा गेंदबाजी में रविचंद्रन अश्विन ने कमाल करते हुए दोनों पारियों में 12 विकेट हासिल किए हैं। इस मैच में रोहित शर्मा ने भी शतक लगाया।

मुकाबले के बाद कप्तान रोहित का कहना है, "देश के लिए बनाया गया हर रन बहुत महत्वपूर्ण है। हमने बहुत शानदार गेंदबाजी की। वेस्टइंडीज को 150 रनों पर आउट करने ने हमारे लिए गेम को सेट कर दिया। हम जानते थे गेंदबाजी आसान नहीं होने वाली है और हमने एक बार ही बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। इसलिए हम लंबे समय तक खेले, 400 रन बनाए और फिर वापस बढ़िया गेंदबाजी की।"
रोहित ने यशस्वी जायसवाल पर कहा, "उनके पास प्रतिभा है और उन्होंने पहले भी यह दिखाया है कि वे तैयार है। उनका टेंपरामेंट भी टेस्ट हुआ और वह किसी भी स्टेज पर पैनिक करते हुए दिखाई नहीं दिए। इस दौरान मैंने उनसे यही कहा कि आप पूरी तरह काबिल हो, आप मुश्किल चीजों को पार कर चुके हो और अब अपने आपको एक्सप्रेस करो।"
रोहित पारी घोषित करने पर कहते हैं कि वह ईशान किशन का खाता खुलवाना चाहते थे और उसके बाद उन्होंने पारी घोषित करने का प्लान बनाया। ईशान किशन भी यशस्वी जयसवाल की तरह अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे थे। अश्विन और जडेजा पर बात करते हुए रोहित कहते हैं, "नतीजा खुद बोलता है और वे लगातार ऐसा करते रहे हैं। इन दोनों को ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं है, बस आप उनको खुद को एक्सप्रेस करने की छूट दीजिए।
ये भी पढ़ें- IND vs WI: भारत की धमाकेदार जीत, यशस्वी जायसवाल ने रचा इतिहास, अजहरुद्दीन-गांगुली को पछाड़ा
"इस तरह की पिच पर इन दोनों का होना अपने आप में लग्जरी है। अश्विन और जडेजा दोनों कमाल के थे, खासकर अश्विन ने जिस तरीके से गेंदबाजी की वह क्लास थी। यह नई वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल है और अच्छी शुरुआत है। पिच को लेकर हम ज्यादा चिंतित नहीं थे। हम यहां पर रिजल्ट हासिल करना चाहते थे। अब दूसरे टेस्ट मैच में जीत की लय लेकर जा रहे हैं। हमारे पास कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने टेस्ट मैच नहीं खेला है तो ये सीरीज उनको मौका देने के बारे में भी है।"












Click it and Unblock the Notifications