IND vs WI 1st T20: रोहित शर्मा अपने नाम कर सकते हैं टी20 का सबसे बड़ा रिकॉर्ड, आज बनाने होंगे 21 रन
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज का पहला मैच 29 जुलाई को ब्रायन लारा स्टेडियम में खेला जाएगा।
नई दिल्ली, 29 जुलाई: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज का पहला मैच 29 जुलाई को ब्रायन लारा स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा। टी20 सीरीज से पहले भारत ने वनडे सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया। ऐसे में भारतीय टीम के हौसले बुलंद हैं। वह टी20 सीरीज भी अपने नाम करना चाहेगी। टी20 में रेगुलर कप्तान रोहित शर्मा, ऋषभ पंत, भुवनेश्वर कुमार समेत कई स्टार खिलाड़ियों को वापसी हो रही है। रोहित शर्मा आज के मैच में एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं, इसके लिए उन्हें 21 रन बनाने होंगे।

रोहित बना सकते यह रिकॉर्ड
इस समय टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल हैं। उन्होंने 116 मैच की 112 पारियों में 32.37 की औसत और 136.39 के स्ट्राइक रेट से 3399 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 20 अर्धशतक और 2 शतक जड़े हैं। वहीं रोहित शर्मा ने 128 टी20 इंटरनेशनल की 120 पारियों में 32.18 की औसत और 139.62 के स्ट्राइक रेट से 3379 रन बनाए हैं। इस दौरान रोहित ने 26 अर्धशतक और 4 शतक जड़े हैं। टी20 इंटरनेशनल में सर्वाधक रनों के मामले में रोहित गुप्टिल से 20 रन पीछे हैं। ऐसे में रोहित अगर आज 21 रन बनाते हैं तो वह टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।

टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन
- मार्टिन गुप्टिल: 3399 रन
- रोहित शर्मा: 3379 रन
- विराट कोहली: 3308 रन
- पॉल स्टर्लिंग: 2894 रन
- एरॉन फिंच: 2855 रन
- बाबर आजम: 2686 रन
- डेविड वॉर्नर: 2684 रन
- मोहम्मद हफीज: 2514 रन
- इयोन मॉर्गन: 2458 रन
- शोएब मलिक: 2435 रन

गुप्टिल ने जड़े थे 40 रन
न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल ने गुरुवार, 28 जुलाई को स्कॉटलैंड के खिलाफ पहले मैच के दौरान भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को पीछे छोड़कर टी20 इंटरनेशनल में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे। 35 वर्षीय गुप्टिल ने 31 गेंदों पर 40 रन बनाए थे और इस दौरान रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया था। गुप्टिल के सलामी जोड़ीदार फिन एलन ने भी अपना पहला टी20 शतक जमाया था। उन्होंने 56 गेंदों पर 101 रन बनाए जिससे पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने पांच विकेट पर 225 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में स्कॉटलैंड की टीम आठ विकेट पर 157 रन ही बना सकी थी।












Click it and Unblock the Notifications