भारत-वेस्टइंडीज मैच के दौरान चले लात-घूंसे और थप्पड़, शर्ट उतारकर किया नंगा, दर्शकों के झगड़े का वीडियो वायरल
क्रिकेट मैच देखने के लिए दर्शक स्टेडियम पहुंचते हैं, ताकि अपनी पसंदीदा टीम का हौसला बढ़ा सकें। लेकिन भारत और वेस्टइंडीज के बीच इंदौर में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले के दौरान स्टैंड्स से सामने आए एक वीडियो ने लोगों का ध्यान खींचा है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में दर्शकों के बीच जमकर हाथापाई होती दिखाई दे रही है।
हैरानी की बात यह है कि झगड़े में शामिल एक शख्स ने भारतीय टीम की जर्सी पहन रखी थी और उसके हाथ में तिरंगा भी था। वायरल वीडियो में दिखाई देता है कि भारतीय टीम की जर्सी पहने एक शख्स अचानक अपनी जगह से उठता है और पीछे खड़े दूसरे दर्शक पर हमला कर देता है। आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करने की कोशिश करते हैं लेकिन मामला जल्दी शांत नहीं होता।

जमकर चले लात और घूंसे
झड़प के दौरान दोनों दर्शक आपस में उलझते हुए कुर्सियों के ऊपर से नीचे गिर जाते हैं, एक दर्शक की टी-शर्ट भी उतर जाती है। इस दौरान दोनों तरफ से लात और घूंसे चलाए जाते हैं। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों के व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
घटना में सबसे ज्यादा ध्यान उस समय तिरंगे पर गया, जब हाथापाई के दौरान राष्ट्रीय ध्वज भी झड़प के बीच दिखाई दिया। जिस स्टेडियम में लोग भारतीय टीम का समर्थन करने पहुंचे थे, वहां इस तरह की घटना ने दर्शकों के व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
भारत ने 14 रन से जीता था मुकाबला
यह घटना भारत और वेस्टइंडीज के बीच इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले के दौरान सामने आई। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 223 रन बनाए थे। अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों पर 69 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि ईशान किशन ने 18 गेंदों पर 37 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने भी जोरदार संघर्ष किया, लेकिन निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 209 रन ही बना सकी। अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट लेकर भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। भारत ने यह मुकाबला 14 रन से जीतकर पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली थी।


Click it and Unblock the Notifications
