रोहित शर्मा की टेस्ट कप्तानी से भी सुनील गावस्कर हुए प्रभावित, दिए 10 में से इतने अंक
नई दिल्ली, 7 मार्च: भारतीय बल्लेबाजी दिग्गज सुनील गावस्कर रोहित शर्मा की टेस्ट कप्तानी से प्रभावित हैं, उनका कहना है कि रोहित ने बढ़िया समय पर सही फील्डिंग लगाई। उन्होंने श्रीलंका पर शिकंजा कसकर रखा और भारत को एक पारी और 222 रनों से मैच जिताकर दिया।

गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए कहा कि रोहित की कप्तानी बिल्कुल सटीक थी। उन्होंने कहा कि, यह कप्तान के तौर पर जबरदस्त डेब्यू है। जब आप तीन दिनों में जीत जाते हो तो पता चलता है आपकी टीम श्रेष्ठ थी। अधिक महत्वपूर्ण बात यह है जब भारतीय टीम बॉलिंग कर रही थी तो गेंदबाजी में बदलाव काफी बढ़िया तरीके से किए गए। जहां पर फील्डर खड़े थे, वहीं पर कैच जा रहे थे। फील्डरों को ज्यादा हिलना नहीं पड़ा। ये सब क्या बताता है? यही की फील्डिंग प्लेसमेंट एकदम सटीक थी।
गावस्कर आगे कहते हैं कि बॉलिंग चेंज भी सटीक थे, आप कह सकते है पहली पारी में रविंद्र जडेजा को थोड़ा देर से लगाया गया, लेकिन अंत में आपकी टीम 2 दिन शेष रहते ही जीत गई। मैं रोहित को 10 में से साढ़े नौ अंक दूंगा।
इस सीरीज से पहले रोहित को विराट कोहली की जगह भारत के नए टेस्ट कप्तान के रूप में नियुक्त किया गया। चयन समिति ने रोहित की फिटनेस को लेकर चिंताओं के बावजूद तीनों प्रारूपों में कप्तान के रूप में उनका समर्थन किया।
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज अजीत अगरकर ने कहा कि रोहित शर्मा कप्तान के रूप में अपने पहले टेस्ट में विराट कोहली की तुलना में अधिक शांत थे। रोहित ने वो फॉलो-ऑन लागू किया जो आजकल कई टीम नहीं करती और 3 दिनों के भीतर मैच को समाप्त करके दिखा दिया।
जब दोनों टीमें 12 मार्च से बेंगलुरू में डे-नाइट टेस्ट में भिड़ेंगी तो रोहित टेस्ट सीरीज में 2-0 से जीत की उम्मीद कर रहे होंगे।












Click it and Unblock the Notifications