IND vs SL: भारत के लिए झटका, चोट के चलते टी20 सीरीज से बाहर हुआ ये धाकड़ बल्लेबाज
नई दिल्ली, 26 फरवरी: श्रीलंका के खिलाफ T20 सीरीज में भारत को एक और खिलाड़ी की चोट ने झटका दिया है क्योंकि रुतुराज गायकवाड चोटिल होकर इस श्रंखला से बाहर हो गए हैं। दाएं हाथ का यह युवा बल्लेबाज कलाई की चोट के चलते अब इस सीरीज में भाग नहीं ले पाएगा। श्रीलंका के खिलाफ पहले टी-20 मुकाबले से पूर्व गायकवाड को अपनी दाहिने हाथ की कलाई में दर्द की समस्या थी और गुरुवार को बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उनकी जांच की।

बाद में जांच के दौरान विशेषज्ञों की सलाह मानते हुए एक एमआरआई स्कैन भी कराया गया। अब रुतुराज गायकवाड अपनी चोट का इलाज कराने के लिए बेंगलुरु की नेशनल क्रिकेट एकेडमी का रुख करेंगे। इसके साथ ही ऑल इंडिया सीनियर सिलेक्शन कमिटी ने भारतीय टीम में मयंक अग्रवाल को शामिल किया है जो श्रीलंका के खिलाफ होने वाले टी-20 इंटरनैशनल मुकाबलों के लिए टीम में बने रहेंगे। मयंक अग्रवाल धर्मशाला में टीम में शामिल भी हो चुके हैं।
टीम इंडिया इस सीरीज का पहला मुकाबला 62 रनों से जीत चुकी है। दूसरा मैच आज यानी 26 फरवरी को धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है।
भारत इस सीरीज में पहले ही विराट कोहली और ऋषभ पंत के बिना खेल रहा है। जबकि केएल राहुल चोट के चलते पहले ही बाहर हैं।
मयंक अग्रवाल ने भारत के लिए टी20 मुकाबले नहीं खेले हैं लेकिन वे आईपीएल में एक बड़ा नाम हैं जहां उन्होंने पूरे 100 मैच खेलते हुए 23.46 के औसत के साथ 2135 रन बनाए हैं जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 135.73 रहा है। मयंक अग्रवाल आईपीएल 2022 में पंजाब किंग्स के अहम हिस्से हैं।
दूसरे और तीसरे T20 इंटरनेशनल के लिए भारत की टीम इस प्रकार है- रोहित शर्मा (कप्तान), श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, दीपक हुड्डा, रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव, मो. सिराज, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), अवेश खान, मयंक अग्रवाल












Click it and Unblock the Notifications