IND vs SA: ऋचा घोष ने रचा इतिहास, जड़ दिए सबसे तेज 1000 रन, बनाया गजब का रिकॉर्ड!
IND vs SA Richa Ghosh: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विस्फोटक बल्लेबाज़ और विकेटकीपर ऋचा घोष ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। विशाखापत्तनम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ महिला वनडे विश्व कप 2025 के मुकाबले के दौरान बंगाल की इस खिलाड़ी ने वनडे क्रिकेट में अपने 1000 रन पूरे कर लिए। ऋचा घोष इस मुकाम को छूने वाली 12वीं भारतीय महिला बल्लेबाज बन गई हैं।
सबसे तेज 1000 रन बनाने का रिकॉर्ड (IND vs SA Richa Ghosh)
ऋचा घोष की यह उपलब्धि उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने सिर्फ 1010 गेंदों का सामना करते हुए 1000 रन पूरे किए, जिससे वह गेंदों के मामले में यह मुकाम हासिल करने वाली दुनिया की तीसरी सबसे तेज बल्लेबाज़ बन गई हैं। उनसे आगे सिर्फ दो खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया की एश्ले गार्डनर (917 गेंदें) और इंग्लैंड की नैट साइवर-ब्रंट (943 गेंदें) हैं। यह रिकॉर्ड बताता है कि ऋचा घोष ने कितने तेज गति से टीम के लिए रन बनाए हैं।

भारत के लिए संकटमोचक बनी ऋचा
ऋचा ने अपना 1000वां रन सिर्फ 46 मैचों में पूरा किया। इस दौरान उनका औसत लगभग 30 का रहा और उनका स्ट्राइक रेट लगभग 100 के करीब रहा, जो 50 ओवर के फॉर्मेट के लिए शानदार माना जाता है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में यह उपलब्धि हासिल करते हुए उन्होंने भारत के लिए संकटमोचक की भूमिका निभाई। एक समय भारत ने सिर्फ 147 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे, जिससे टीम बड़े संकट में थी। ऐसे में ऋचा घोष ने एक शानदार अर्धशतक बनाया और पारी को संभाला।
शतक से चूक गई घोष
ऋचा ने अमनजोत कौर और स्नेह राणा के साथ दो अहम 50 रन की साझेदारियां कीं, जिससे टीम इंडिया 251 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा कर पाई। वह अपने पहले ODI शतक से चूक गईं और 77 गेंदों पर 94 रन बनाकर आउट हुईं। ऋचा घोष का यह प्रदर्शन साबित करता है कि वह दबाव में कितनी महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। भारतीय टीम की गेंदबाज अब इस टोटल को बचाने का पूरा प्रयास करेंगी।












Click it and Unblock the Notifications