IND vs SA: केएल राहुल ने छक्कों से किया शतक पूरा, सेंचुरियन में जमाया दूसरा सैकड़ा
IND vs SA, KL Rahul: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मुकाबले में दूसरे दिन आते ही केएल राहुल ने धमाका कर दिया। राहुल ने यादगार शतक जमा दिया। खास बात यह रही कि राहुल ने छक्के से शतक पूरा कर लिया। 9 विकेट गिरने के बाद उनके ऊपर दबाव था।
कोएट्जी की गेंद पर राहुल ने छक्का जड़ते हुए शतक पूरा कर लिया। सेंचुरियन में राहुल का यह लगातार दूसरा शतक है। इससे पहले साल 2021 में भी उनके बल्ले से शतकीय पारी आई थी। शतक जड़ने के बाद राहुल ने जश्न भी बनाया और ड्रेसिंग रूम से उनका स्वागत हुआ।

केएल राहुल सेंचुरियन में दो शतक जड़ने वाले पहले विजिटिंग बल्लेबाज बन गए हैं। अलग तरह की पिच पर खेलना आसान काम नहीं था लेकिन उन्होंने अपने टेस्ट करियर का 8वां शतक जमा दिया। टीम इंडिया 245 रन बनाकर आउट हो गई और राहुल अंतिम बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। वह 101 रन बनाकर आउट हुए। राहुल ने अपनी पारी में 14 चौके और 4 छक्के जड़े।
केएल राहुल जानते थे कि सामने सिराज हैं और उनका विकेट जा सकता है। उन्होंने कगिसो रबाडा को छक्का जमा दिया। इसके बाद सिराज कोएट्जी की गेंद पर आउट हो गए। प्रसिद्ध कृष्णा अंतिम बल्लेबाज के रूप में आए और राहुल ने उनके साथ बाई का रन भागकर स्ट्राइक ले ली। ओवर की अंतिम गेंद पर कोएट्जी को उन्होंने छक्का जड़ते हुए शतक पूरा कर लिया। इसी मैदान पर 2 साल पहले बतौर ओपनर उनका शतक आया था। ऋषभ पन्त और केएल राहुल ही ऐसे विकेटकीपर हैं, जिन्होंने अफ्रीका में शतक जड़े हैं।
भारतीय पारी में दक्षिण अफ्रीका के लिए कगिसो रबाडा ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। रबाडा ने पहले दिन ही 5 विकेट हासिल किये थे। डेब्यू करने वाले बर्गर ने 3 विकेट अपने नाम किये। 1 विकेट कोएट्जी को हासिल हुआ।












Click it and Unblock the Notifications