IND vs SA: आखिर क्यों सिर्फ घर के शेर हैं मयंक अग्रवाल, साउथ अफ्रीका में रहाणे से भी खराब रहा प्रदर्शन

नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच केपटाउन के मैदान पर खेला जा रहा है, जहां पर भारतीय टीम ने तीसरे दिन के लंच तक 4 विकेट खोकर 130 रन बना लिये हैं। भारतीय टीम फिलहाल 143 रनों की बढ़त के साथ खेल रही है लेकिन अगर उसे साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर पहली बार सीरीज जीतकर इतिहास रचने का कारनामा करना है तो उसे अभी कम से कम 150 रन और जोड़ने होंगे। भारतीय टीम के लिये साउथ अफ्रीका दौरा काफी मिला-जुला रहा है, जहां पर उसने सेंचुरियन के मैदान पर बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही खेमों में शानदार प्रदर्शन किया तो वहीं पर जोहान्सबर्ग टेस्ट मैच में उसके बल्लेबाज बिखर गये और उसे हार का सामना करना पड़ा।
सीरीज के निर्णायक मैच में भी भारतीय बल्लेबाजों ने अभी तक निराश किया है, जिसमें सिर्फ मध्यक्रम के चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे का ही नाम शामिल नहीं है बल्कि पारी का आागज करने वाले केएल राहुल और मयंक अग्रवाल का नाम भी शामिल है। जहां इस दौरे पर केएल राहुल और चेतेश्वर पुजारा ने कुछ अच्छी पारियां भी खेली हैं तो वहीं पर रहाणे और मयंक अग्रवाल के बल्ले से सिर्फ एक-एक ही अर्धशतकीय पारी आयी है।
और पढ़ें: IND vs SA: 'जब आप जीतते हो तो कुछ भी कह सकते हो', डीन एल्गर के बयान पर गावस्कर ने मारा ताना

साउथ अफ्रीका दौरे पर रहाणे से भी खराब रहा प्रदर्शन
साउथ अफ्रीका दौरे पर मयंक अग्रवाल की बात करें तो वो इस सीरीज के 3 टेस्ट मैचों की 6 पारियों में 22.50 की औसत से सिर्फ 135 रन ही बना सके हैं, जिसमें अगर उनकी पहली पारी में खेली गई 60 रनों की पारी को निकाल दें तो यह औसत घटकर 15 की हो जाती है। जो कि बुरी तरह फ्लॉप चल रहे अजिंक्य रहाणे से भी कम हैं, जिन्होंने इस दौरे पर 22.67 की औसत से 136 रन बनाये हैं। यहां पर मयंक अग्रवाल के खिलाफ हैरानी वाली बात यह रही कि ऐसा नहींं है कि उन्हें मैच के दौरान शुरुआत नहीं मिली लेकिन हर बार वो इसका फायदा नहीं उठा पाये हैं।
इस दौरे पर मयंक अग्रवाल ने अपना विकेट 3 बार मार्को जेंसन के खिलाफ खोया तो वहीं पर एंगिडी, रबाडा और डुएन ओलिवर के खिलाफ एक-एक बार अपना विकेट खोया। मयंक अग्रवाल के आउट होने के तरीके पर बात करें तो दो बार एलबीडब्लयू जबकि 4 बार कैच के जरिये अपना विकेट खोया है। परेशानी की बात यह है कि मयंक अग्रवाल ने जिन 4 मौकों पर अपना कैच खोया है उस दौरान वह आसानी से गेंदबाज के जाल में फंसते नजर आये हैं और गेंद को छोड़ने के बजाय खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवाया।

विदेशी सरजमीं पर लगातार हुए हैं फ्लॉप
यह पहली बार नहीं है जब विदेशी सरजमीं पर मयंक अग्रवाल बतौर ओपनर बल्लेबाजी में फ्लॉप साबित हुए हैं, इससे पहले भी जब उन्हें विदेशी दौरों पर खेलने का मौका दिया गया है वो इसका फायदा नहीं उठा सके हैं। मयंक अग्रवाल के विदेशी सरजमीं और घरेलू मैदान पर खेली गई पारियों के आंकड़ों पर नजर डालें तो यह साफ नजर आता है कि वो सिर्फ घर के शेर हैं और विदेशी सरजमीं पर फिसड्डी बन जाते हैं। मयंक अग्रवाल के अब तक के टेस्ट करियर की बात करें तो वो अब तक 33 पारियों में 1429 टेस्ट रन बना चुके हैं, जिसमें 4 शतक और 6 अर्धशतकीय पारियां भी शामिल हैं। इसमें वो दो बार दोहरे शतक लगा चुके हैं, इसे देखते हुए 43.30 की बल्लेबाजी का औसत उन्हें काफी अच्छा बल्लेबाज दिखाता है।
हालांकि जब मयंक अग्रवाल के इस प्रदर्शन को घरेलू और विदेशी सरजमीं के बीच बांट दिया जाता है तो उनकी औसत चौंका देती है। मयंक ने घरेलू सरजमीं पर 10 पारियों में 4 शतक और एक अर्धशतक की मदद से 839 रन बनाये हैं, जिसकी वजह से उनका औसत 83.90 का हो जाता है लेकिन विदेशी सरजमीं पर उनकी 23 पारियों में 5 अर्धशतक की मदद से सिर्फ 590 रन आये हैं, जिसकी वजह से उनका औसत 25.65 पहुंच जाता है। मयंक अग्रवाल के यह आंकड़े काफी परेशान करने वाले हैं और कई सवाल खड़े करते हैं।

क्या तकनीकी कमी से जूझ रहे हैं मयंक अग्रवाल
साउथ अफ्रीका दौरे पर मयंक अग्रवाल का प्रदर्शन जिस तरह से उसके बाद यही सवाल उठता है कि क्या यह सलामी बल्लेबाज किसी तकनीकी समस्या से जूझ रहा है। गौरतलब है कि साउथ अफ्रीका दौरे पर जिन 4 पारियों में उन्होंने कैच पर अपना विकेट गंवाया उस दौरान हर बार वो गेंदबाज की उछाल से मात खाकर ऑफ साइड पर बल्ला फेंकते नजर आये हैं। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज अजीत आगरकर ने भी इस पर बात करते हुए कहा कि मयंक अग्रवाल की बल्लेबाजी में तकनीकी खामियां है, जिस पर उन्हें काम करने की जरूरत है। वह विदेशी परिस्थितियों में एक ही तरीके से बार-बार आउट होते हैं जो कि दर्शाता है कि वो किस परेशानी से जूझ रहे हैं, खासतौर से विदेशी परिस्थितियों में, ऐसे में मयंक अग्रवाल के लिये तकनीक को सुधारने पर काम करना होगा वरना वो इसी तरह से मौके खराब करते रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications