IND vs SA: भारत में इतिहास रचने को तैयार है साउथ अफ्रीका! मैच से पहले कोच ने भरी हुंकार
IND vs SA 1st Test: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच शुक्रवार यानी 14 नवंबर से टेस्ट सीरीज का आगाज होने जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कोच शुक्री कॉनराड भारत के खिलाफ इस टेस्ट सीरीज को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने इस मुकाबले की तुलना ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) फाइनल से की है, जिसे जीतकर उनकी टीम ने आईसीसी इवेंट में नया मुकाम हासिल किया था।
मैच से पहले कोच का बड़ा बयान (IND vs SA 1st Test)
कॉनराड ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हमने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जो फाइनल जीता, वह बहुत बड़ा था। मैं इस सीरीज़ और इस मैच की तुलना उसी फाइनल से करता हूं। भारत में दो टेस्ट मैचों की इस सीरीज का पहला मैच शुक्रवार से कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। केशव महाराज, सेनुरन मुथुसामी और साइमन हार्मर की बदौलत भारत के खिलाफ साउथ अफ्रीका अपना दमखम दिखाना चाहेगी।

इतिहास रचने को तैयार अफ्रीका
मैच से पहले शुक्री कॉनराड ने कहा कि हमारे पास केशव, साइमन और सेन के रूप में स्पिनरों का एक बेहतर ग्रुप है। यह हमें बहुत आत्मविश्वास देता है कि अगर परिस्थितियां अनुकूल होती हैं तो हमारे पास भारत को चुनौती देने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने आगे कहा कि हमें भरोसा है कि हम इन खिलाड़ियों की बदौलत ईडन गार्डन्स और भारत में एक नया इतिहास रच सकते हैं।
आईपीएल से खिलाड़ियों को मिलेगा फायदा
कॉनराड इस बात को अच्छी तरह से समझते हैं कि भारत को उसके घरेलू मैदान पर हराना कितना मुश्किल है। उन्होंने स्वीकार किया कि यह उनके कोचिंग करियर की सबसे बड़ी चुनौती होगी। उन्होंने कहा कि देखिए, भारत दुनिया में कहीं भी एक कठिन चुनौती है और जब आप ईडन गार्डन्स जैसे मैदान पर आते हैं तो यह और भी कठिन हो जाता है।
कॉनराड का मानना है कि दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों के आईपीएल में खेलने का अनुभव भारत में परिस्थितियों के अनुकूल ढलने में सहायक होगा।
उन्होंने कहा कि पहले, आप एक नए खिलाड़ी के रूप में भारत आते थे और यहां के माहौल से हैरान हो जाते थे। लेकिन मुझे लगता है कि हमारे खिलाड़ी अब सहज हैं। IPL में अपनी भागीदारी के कारण वे विपक्षी खिलाड़ियों के साथ भी सहज हैं। कोच ने यह भी माना कि इस मुकाबले में तेज गेंदबाजों की भी अहम भूमिका होगी, खासकर ईडन गार्डन्स में, जहां हमेशा तेज गेंदबाजों के लिए कुछ न कुछ होता है। वह एक कांटे की टक्कर की उम्मीद कर रहे हैं, हालांकि यह एक बहुत मुश्किल मुकाबला होगा।












Click it and Unblock the Notifications