IND vs PAK: कोहली और राहुल ने जड़े धमाकेदार शतक, वर्ल्ड क्लास गेंदबाजों की निकाली हेकड़ी
India vs Pakistan: पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के सुपर 4 मुकाबले में भारतीय टीम ने धमाकेदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। टीम इंडिया ने रिजर्व डे पर खेलते हुए 2 विकेट पर 356 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया। भारत के लिए विराट कोहली और केएल राहुल ने शतक जड़े।
रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने कल शतकीय भागीदारी की थी। दोनों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किये थे, 25वें ओवर की पहली गेंद पर भारतीय टीम का स्कोर 2 विकेट पर 147 रन था। इस समय बारिश आई और खेल रोका गया। यहाँ से मैच शुरू नहीं हुआ और इसे रिजर्व डे पर छोड़ा गया था।

रिजर्व डे पर भी बारिश का खलल देखने को मिला और लगभग पौने दो घंटे तक खेल नहीं हुआ और बाद में मुकाबला शुरू हुआ। केएल राहुल और विराट कोहली ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और पाकिस्तानी गेंदबाजों के पसीने छुड़ा दिए। दोनों ने जमकर बैटिंग की।
राहुल और कोहली ने तेजी से रन बनाते हुए पाकिस्तान को कोई मौका नहीं दिया। वापसी करते हुए राहुल ने शतक जमा दिया। वनडे में उनका यह छठा शतक है। कोहली ने उनसे भी तेज बैटिंग करते हुए 84 गेंदों में ही अपना शतक जड़ दिया। वनडे में उनका यह 47वां शतक है। प्रेमदासा स्टेडियम में कोहली का लगातार चौथा शतक है।
कोहली और राहुल ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 200 रन की भागीदारी कर दी। दोनों ने वनडे में बतौर जोड़ी 1000 रन भी पूरे कर दिए। राहुल और कोहली आउट नहीं हुए और अंतिम गेंद तक टिके रहे। दोनों ने मिलकर टीम इंडिया को 2 विकेट पर 356 के स्कोर तक पहुंचा दिया।
कोहली ने नाबाद 122 रन बनाए। उन्होंने 94 गेंदों का सामना किया और 9 चौके तथा 3 छक्के जमाए। केएल राहुल ने 106 गेंदों का सामना करते हुए 111 रन बनाए। उनके बल्ले से 12 चौके और 2 छक्के आए। पाकिस्तान के लिए अफरीदी और शादाब को 1-1 विकेट मिला।












Click it and Unblock the Notifications