एक तरफ रिकॉर्ड, दूसरी तरफ शर्म! ईशान किशन ने गंभीर को दी मात, अभिषेक शर्मा की शर्मनाक क्लब में एंट्री
IND vs PAK: टी20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जा रहे महामुकाबले में उतार-चढ़ाव का जबरदस्त रोमांच देखने को मिल रहा है। जहां एक तरफ युवा ओपनर ईशान किशन ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया, वहीं दूसरी ओर हार्दिक पांड्या के गैर-जिम्मेदाराना शॉट ने फैंस को गुस्से से भर दिया है। हालांकि टीम इंडिया ने 61 रन से जीत दर्ज कर हार्दिक की गलती को ठीक कर दिया।
गौतम गंभीर का रिकॉर्ड टूटा
शुभमन गिल की जगह टीम में शामिल किए गए ईशान किशन ने चयनकर्ताओं के फैसले को सही साबित कर दिया। ईशान ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए महज 40 गेंदों पर 77 रनों की विस्फोटक पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान ईशान ने भारत-पाकिस्तान टी20 मुकाबलों में गौतम गंभीर के 75 रनों (2007 वर्ल्ड कप फाइनल) के ऐतिहासिक रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

कोहली का कीर्तिमान कायम
ईशान शानदार लय में थे, लेकिन वह विराट कोहली के 82* (मेलबर्न 2022) और 78* (कोलंबो 2012) के रिकॉर्ड को तोड़ने से बाल-बाल चूक गए। उन्हें साइम अयूब ने क्लीन बोल्ड किया।
अभिषेक शर्मा के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हो गया जिसे वह कभी याद नहीं रखना चाहेंगे। अपने शुरुआती दोनों वर्ल्ड कप मैचों में शून्य पर आउट होकर उन्होंने आशीष नेहरा और बांग्लादेश के इमरुल कायस की बराबरी कर ली है। वर्ल्ड कप के पहले दो मैचों में लगातार 'डक' पर आउट होने वाले वह केवल तीसरे खिलाड़ी बने हैं। अभिषेक शर्मा को यूएस के खिलाफ भी खाता खोलने का मौका नहीं मिला था।
भारत ने दर्ज की आठवीं जीत
भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ बीस ओवर के वर्ल्ड कप में आठवीं जीत दर्ज की है। भारत ने 8-1 से लीड हासिल की है। इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरे टी20 वर्ल्ड कप में पाक को हराया है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका में हुए वर्ल्ड कप में पराजित किया था।












Click it and Unblock the Notifications