IND vs PAK: फाइनल से पहले मुश्किल में भारत, अभिषेक-हार्दिक-तिलक चोटिल, क्या पाकिस्तान के खिलाफ खेलेंगे मैच?
IND vs PAK Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान से भिड़ने से ठीक पहले टीम इंडिया मुश्किलों में फंस गई है। श्रीलंका के खिलाफ सुपर फोर मुकाबले में जीत के बावजूद भारत के तीन प्रमुख खिलाड़ी चोटिल हो गए हैं। पिछले मैच में ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा और सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए थे।
चोट पर कोच का बयान (IND vs PAK Asia Cup 2025)
मैच के बाद भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने चोटों पर अपडेट दिया। मोर्केल ने स्पष्ट किया कि दोनों खिलाड़ियों को कोई बड़ी चोट नहीं लगी है, बल्कि वे केवल ऐंठन यानी क्रैंप से परेशान थे। उन्होंने कहा कि हार्दिक का आज रात और कल सुबह (फ़ाइनल से पहले) परीक्षण किया जाएगा। फिलहाल, किसी बड़ी समस्या के कोई संकेत नहीं हैं। अभिषेक भी बिल्कुल ठीक हैं।

तिलक वर्मा नहीं है पूरी तरह फिट
हालांकि, इस मैच में भारत की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं। युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को भी मैच के अंत में लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर जाते देखा गया था, हालांकि उनकी चोट पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। इन चोटों के कारण भारत को उस दिन रिंकू सिंह, जितेश शर्मा और शिवम दुबे जैसे अतिरिक्त खिलाड़ियों को मैदान पर उतारना पड़ा था।
मोर्केल ने दी टीम इंडिया को चेतावनी
इन चोटों के अलावा मोर्ने मोर्केल ने इस मैच को टीम इंडिया के लिए एक तरह की चेतावनी माना है। उन्होंने स्वीकार किया कि टूर्नामेंट में अब तक टीम का प्रदर्शन पूरी तरह संतोषजनक नहीं रहा है और फ़ाइनल से पहले कई क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। बल्लेबाजी के मोर्चे पर कोच ने स्ट्राइक रोटेशन, साझेदारी बनाने और विकेटों के बीच दौड़ में सुधार की ज़रूरत बताई।
फाइनल से पहले टीम में सुधार की जरूरत
वहीं गेंदबाजी में शुरुआती ओवरों में बेहतर लेंथ और सटीकता लाने के साथ ही यॉर्कर जैसे वेरिएशन का चतुराई से इस्तेमाल करने पर जोर दिया गया है। फील्डिंग पर बात करते हुए मोर्केल ने कहा कि खिलाड़ियों ने लाइट्स के नीचे कैचिंग का अभ्यास किया है, लेकिन अभी भी आत्मविश्वास की कमी दिखती है। उन्होंने साफ़ कहा कि टीम अभी पूरी तरह से तैयार नहीं है और सभी विभागों में और अधिक काम करने की ज़रूरत है।












Click it and Unblock the Notifications