IND vs ENG: जसप्रीत बुमराह ने रचा इतिहास, ग्लैन मैकग्राथ का वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त, हासिल की ये बड़ी उपलब्धि
IND vs ENG Jasprit Bumrah: भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने वानखेड़े स्टेडियम में इतिहास रचने का काम किया। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रुक का विकेट लेते ही बुमराह ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के 500 विकेट पूरे कर लिए। इसके साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के महान गेंदबाज ग्लेन मैकग्राथ का एक वर्ल्ड रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया।
जसप्रीत बुमराह ने रचा इतिहास (IND vs ENG Jasprit Bumrah)
जसप्रीत बुमराह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (टेस्ट, वनडे और टी20) में 500 विकेट लेने वाले दुनिया के 44वें गेंदबाज बन गए हैं। लेकिन जो बात उन्हें सबसे खास बनाती है, वह है उनकी गेंदबाजी औसत। बुमराह इस 500 विकेट क्लब में 21 से कम के औसत (20.62) वाले दुनिया के पहले और इकलौते गेंदबाज बन गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में भी गेंद के साथ वह टीम के लिए जीत के हीरो रहे।

कायम है जसप्रीत बुमराह की बादशाहत
जसप्रीत बुमराह ने ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ग्लेन मैकग्राथ के 21.76 के औसत को पीछे छोड़ दिया है। बुमराह के बाद इस लिस्ट में एलन डोनाल्ड (22.04) और रिचर्ड हैडली (22.10) जैसे नाम आते हैं, लेकिन औसत के मामले में बुमराह अब क्रिकेट इतिहास के सबसे किफायती गेंदबाज बन चुके हैं। बुमराह ने साल 2016 में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। महज 10 साल के भीतर उन्होंने जो हासिल किया है, वह किसी चमत्कार से कम नहीं है।
भारतीय गेंदबाजों की तुलना में जसप्रीत बुमराह का कद काफी ऊंचा हो गया है। भारतीय तेज गेंदबाजों में उनके बाद सबसे बेहतर औसत कपिल देव (28.83) का है, जो बुमराह से काफी पीछे हैं। हाई-स्कोरिंग सेमीफाइनल मैच में जहां सभी गेंदबाजों की रन गति 10 के ऊपर थी, वहीं बुमराह इकलौते ऐसे गेंदबाज रहे जिन्होंने 9 से कम की इकोनॉमी (4 ओवर में 1-33) से गेंदबाजी की।
बुमराह का करियर
टेस्ट क्रिकेट: 52 मैचों में 234 विकेट
वनडे क्रिकेट: 149 विकेट
टी20 अंतरराष्ट्रीय: 117 विकेट












Click it and Unblock the Notifications