IND vs ENG: दूसरे टेस्ट में बुमराह के खेलने पर सस्पेंस बरकरार, कोच ने दी हरी झंडी, लेकिन रखी ये शर्त
IND vs ENG Jasprit Bumrah: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले से पहले टीम इंडिया के सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध हैं, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाएगा या नहीं, इसका फैसला अभी नहीं हुआ है।
जसप्रीत बुमराह खेलेंगे दूसरा टेस्ट? (IND vs ENG Jasprit Bumrah)
मैच से पहे डोशेट ने कहा कि बुमराह फिट हैं और खेलने के लिए तैयार हैं। लेकिन हम अब भी सोच रहे हैं कि कौन सा मैच उनके लिए सबसे उपयुक्त होगा। उन्होंने बताया कि बुमराह को पूरी सीरीज़ में सिर्फ तीन टेस्ट ही खेलने हैं, इसलिए टीम मैनेजमेंट उनके वर्कलोड को ध्यान में रखकर ही फैसला लेगा। जसप्रीत बुमराह पहले टेस्ट में इंग्लैंड के बल्लेबाजों को परेशान करने में सफल रहे थे।

पहले टेस्ट में झटके थे पांच विकेट
पहले टेस्ट में बुमराह ने पहली पारी में 5 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन दूसरी पारी में वह विकेट लेने में नाकाम रहे। इंग्लैंड ने 371 रन का बड़ा लक्ष्य हासिल कर भारत को पांच विकेट से हरा दिया। इस हार के बाद फैंस और कई पूर्व खिलाड़ियों ने बुमराह को हर टेस्ट में खिलाने की सलाह दी थी, लेकिन मुख्य कोच गौतम गंभीर ने साफ किया था कि वर्कलोड को प्राथमिकता दी जाएगी।
जानिए कोच ने क्या कहा
डोशेट ने कहा कि हमने शुरुआत से ही तय किया था कि बुमराह को तीन टेस्ट खेलने हैं। अब हमें यह देखना है कि वह कौन-से मैच होंगे। पिच की स्थिति, मौसम और अन्य गेंदबाजों की फिटनेस को देखकर फैसला लिया जाएगा। बुमराह ने शनिवार को नेट्स में अभ्यास भी किया, जिससे संकेत मिलते हैं कि वह फिट हैं। लेकिन टीम मैनेजमेंट अंतिम फैसला टेस्ट मैच से ठीक पहले लेगा।
कोच ने कहा कि यह सिर्फ फिटनेस की बात नहीं है, बल्कि रणनीति का हिस्सा है। अगर हमें लगता है कि लॉर्ड्स या मैनचेस्टर की पिच उनके लिए ज्यादा फायदेमंद होगी तो हम उन्हें वहां खिलाएंगे। टीम इंडिया के स्क्वाड में इस वक्त कई युवा और अनुभवी खिलाड़ी हैं, लेकिन बुमराह की मौजूदगी से गेंदबाजी में गहराई आती है। अब देखना होगा कि 2 जुलाई से शुरू होने वाले एजबेस्टन टेस्ट में वह मैदान में उतरते हैं या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications