IND vs ENG: हार्दिक का अर्धशतक, हुड्डा-सूर्या की तेज पारियां, भारत ने दिया 199 रनों का टारगेट
साउथैमप्टन, 8 जुलाई: भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड के खिलाफ T20 सीरीज का पहला मुकाबला द रोज बाउल में खेल रही है जहां पर रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करके इंग्लैंड को जीतने के लिए 199 रनों का लक्ष्य दिया है।
यह पिच रनों के लिए बेहतर नजर आई क्योंकि रोहित और ईशान किशन दोनों ने बेहतर शुरुआत की, खासकर रोहित शर्मा काफी अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने कुछ आकर्षक शॉट लगाए। रोहित ने मोईन अली पर बेहतरीन स्वीप शॉट खेले लेकिन इसी स्पिनर की एक सीधी गेंद पर विकेट के पीछे आउट हो गए।

इसके बाद मोईन अली ने ईशान किशन को भी चलता किया किशन ने स्वीप लगाकर मोईन अली पर रन बटोरने की कोशिश की थी लेकिन वह मैथ्यू पार्किंसन का शिकार बने।
इसके बाद हमें फॉर्म में चल रहे दीपक हुड्डा की बल्लेबाजी देखने को मिली जिनका साथ सूर्यकुमार यादव ने बखूबी निभाया। हुड्डा बहुत बेहतरीन लय में दिखाई दे रहे थे लेकिन उनको क्रिस जॉर्डन ने आउट कर दिया। हुड्डा ने 17 गेंदों पर 33 रनों की पारी खेली जिसमें 3 चौके व दो छक्के लगाए गए।
बैटिंग के लिए अच्छी लग रही पिच पर सूर्यकुमार यादव ने भी दूसरे छोर पर उतनी ही सफलता से खेला। पर वह थोड़े दुर्भाग्यशाली रहे क्योंकि क्रिस जॉर्डन की एक बाउंसर गेंद उनके दस्ताने का हल्का सा हिस्सा लेकर जोस बटलर के हाथों में समा गई। सूर्यकुमार यादव ने 19 गेंदों पर 39 रनों की पारी खेली जिसमें 4 चौके छक्के लगे।
इस दौरान हार्दिक पांड्या ने हुड्डा और यादव का खेल आगे बढ़ाया और तेजी से रन बटोरने का सिलसिला जारी रखा। अक्षर पटेल ने भी हार्दिक पंड्या के साथ बढ़िया साझेदारी की। पटेल रन गति को तेज करने के फेर में 17वें ओवर में आउट हुए और उन्होंने 12 गेंदों पर 17 रनों की पारी खेली जिसमें 3 चौके लगे। उनको पार्किंसन ने चलता किया।
हार्दिक ने पटेल के विकेट के बाद अपना तेज अर्धशतक पूरा किया। लेकिन वे तुरंत आउट भी हो गए। इस तरह भारत का कोई भी बल्लेबाज अच्छी शुरुआत मिलने के बावजूद बड़ा स्कोर करने में विफल रहा। लेकिन रन बहुत तेजी से बनते रहे तो स्कोरबोर्ड एक पल के लिए भी नहीं रुका। हार्दिक ने 33 गेंदों पर 51 रनों की पारी खेली और आर टॉपले की गेंद पर आउट हुए।
फिनिशर की भूमिका में आए दिनेश कार्तिक ने अंतिम ओवर में रनों की रफ्तार अपने हाथ में ली और 20वें ओवर में लगातार दो चौके लगाए। तीसरी गेंद पर भी यही करने के प्रयास में वे आउट हो गए। कार्तिक ने 7 गेंदों पर 11 रनों की पारी खेली। इसी ओवर में हर्षल पटेल का भी विकेट मिला। वे रन आउट हुए।
इंग्लैंड की ओर से मोइन अली और क्रिस जॉर्डन को दो-दो विकेट मिले। टॉपले, टाइमल मिल्स और मैथ्यू पार्किंसन ने 1-1 विकेट लिया। जॉर्डन ने 4 ओवर में केवल 23 ही रन खर्च किए।












Click it and Unblock the Notifications