IND vs ENG: 100वें टेस्ट में अश्विन का तहलका, कुलदीप के साथ मिलकर इंग्लैंड को 218 पर समेटा
IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ धर्मशाला टेस्ट मैच के पहले ही दिन टीम इंडिया के स्पिनरों ने तहलका मचा दिया। इंग्लैंड की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। इंग्लिश टीम महज 218 रनों के कुल स्कोर पर आउट हो गई। टीम इंडिया के लिए सभी विकेट स्पिनरों ने झटके।
कुलदीप यादव ने अपने डेब्यू टेस्ट की याद दिला दी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ धर्मशाला में डेब्यू कर उन्होंने धाकड़ गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। इस बार भी उन्होंने धमाका किया और 5 विकेट झटकते हुए इंग्लैंड की टीम को चारों खाने चित कर दिया। उनके अलावा अश्विन ने भी तहलका मचा दिया।

रविचंद्रन अश्विन ने कुल 4 विकेट झटके और एक विकेट रविन्द्र जडेजा को भी मिला। इंग्लैंड की टीम ने अच्छी शुरुआत की थी लेकिन बाद में एक-एक बल्लेबाज आउट होते चले गए। ओपनर बल्लेबाज जैक क्रॉली ने इंग्लिश टीम के लिए धाकड़ बैटिंग की।
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए इंग्लैंड की अच्छी शुरुआत रही थी। क्रॉली और बेन डुकेट ने मिलकर पहले विकेट के लिए 64 रन जोड़े। इसके बाद डुकेट 27 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बाद ओली पोप भी 11 रन बनाकर चलते बने। क्रॉली ने जमकर खेलते हुए फिफ्टी जड़ दी।
जो रूट अच्छी शुरुआत करने में सफल रहे लेकिन 26 के निजी स्कोर पर जडेजा का शिकार बने। उनके अलावा बेयरस्टो ने भी 29 रन बनाए। बेन स्टोक्स खाता भी नहीं खोल पाए और कुलदीप यादव का शिकार बने। यहाँ से बेन फॉक्स ही ऐसे बल्लेबाज थे, जो 24 रन बना पाए।
अन्य सभी बल्लेबाज आउट होते चले गए। इंग्लैंड की पूरी टीम 218 रन बनाकर आउट हो गई। पहला विकेट 64 रन पर गिरा था। अंतिम 9 विकेट इंग्लैंड ने 154 रन बनाकर गंवा दिए। इस तरह एक बेहतरीन शुरुआत का फायदा इंग्लैंड की टीम नहीं उठा पाई और मामूली स्कोर पर ऑल आउट हो गई।












Click it and Unblock the Notifications