IND vs ENG: पहले दिन भारत का जलवा! गिल-पंत-यशस्वी ने जड़े रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड
IND vs ENG Cricket Score 1st Test Day 1: भारत और इंग्लैंड के बीच लीड्स में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन किया। स्टंप्स तक भारत ने अपनी पहली पारी में सिर्फ तीन विकेट पर 359 रन बना लिए हैं। कप्तान शुभमन गिल और उपकप्तान ऋषभ पंत क्रीज पर डटे हुए हैं। गिल 175 गेंदों पर 16 चौकों और एक छक्के की मदद से 127 रन बनाकर खेल रहे हैं, जबकि पंत 102 गेंदों पर 65 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।
यशस्वी जायसवाल ने जड़ा शतक (IND vs ENG Cricket Score 1st Test Day 1)
इससे पहले ओपनर यशस्वी जायसवाल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 101 रन बनाए और शुभमन गिल के साथ मिलकर टीम को मजबूत शुरुआत दी। गिल ने कप्तानी की पहली ही पारी में शतक लगाकर इतिहास रच दिया। उन्होंने इंग्लैंड की मुश्किल परिस्थितियों में पूरी जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी की।

गिल ने दबाव में दिखाया कमाल
25 साल के शुभमन गिल पहली बार टेस्ट टीम की कप्तानी कर रहे हैं। इंग्लैंड में उनका पिछला रिकॉर्ड अच्छा नहीं था, उनका औसत सिर्फ 14.66 का था। लेकिन इस बार उन्होंने पुराने आंकड़ों को पीछे छोड़ते हुए शानदार बल्लेबाजी की। गिल ने संयम और आक्रामकता के सही संतुलन के साथ खेला और 56 गेंदों में अपना टेस्ट करियर का सबसे तेज अर्धशतक जड़ा। इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे लय पकड़ी और अंततः शानदार शतक पूरा किया। यह उनका टेस्ट करियर का छठा शतक है, लेकिन इंग्लैंड में और एशिया के बाहर यह उनका पहला शतक है। इससे पहले उन्होंने पांच शतक भारत में और एक बांग्लादेश में लगाया था।
शतक लगाते ही रचा रिकॉर्ड
गिल टेस्ट कप्तान के रूप में शतक लगाने वाले भारत के केवल चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह उपलब्धि विजय हजारे, सुनील गावस्कर और विराट कोहली के नाम थी। साथ ही गिल सबसे युवा भारतीय कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने कप्तानी की पहली पारी में शतक लगाया है - उनकी उम्र सिर्फ 25 साल और 285 दिन है। उन्होंने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में सर्वाधिक शतक लगाने के मामले में भी विराट कोहली और यशस्वी जायसवाल को पीछे छोड़ दिया है। अब इस सूची में सिर्फ रोहित शर्मा उनसे आगे हैं, जिनके नाम 9 शतक दर्ज हैं।
यशस्वी जायसवाल की भी धमाकेदार पारी
शुभमन गिल के अलावा यशस्वी जायसवाल ने भी पहली पारी में जबरदस्त शतक लगाया। यह उनका इंग्लैंड में पहला टेस्ट मैच है, और उन्होंने पहले ही दिन बता दिया कि वह लंबी रेस के घोड़े हैं। इससे पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में भी अपने पहले ही मैच में शतक लगाया था। यशस्वी पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड - दोनों देशों में अपने पहले टेस्ट में शतक जड़ा हो।
टीम इंडिया की शानदार शुरुआत
भारत की शुरुआत बेहद मजबूत रही। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी की। हालांकि लंच से कुछ देर पहले केएल राहुल आउट हो गए, लेकिन तब तक टीम अच्छी स्थिति में थी। इसके बाद डेब्यू कर रहे साई सुदर्शन क्रीज पर आए लेकिन वह बिना खाता खोले आउट हो गए। उन्हें कप्तान बेन स्टोक्स ने चालाकी से फंसाया और विकेटकीपर जेमी स्मिथ ने शानदार कैच लेकर उन्हें पवेलियन भेजा। साई सुदर्शन भारत के ऐसे पहले बल्लेबाज बने, जो पिछले 15 साल में डेब्यू पारी में शून्य पर आउट हुए।
साई सुदर्शन के आउट होने के बाद भी भारतीय पारी नहीं रुकी
हालांकि साई का आउट होना एक झटका था, लेकिन शुभमन गिल और रिषभ पंत ने मिलकर टीम को फिर से संभाल लिया। पंत ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए तेजी से रन बनाए और कप्तान गिल का साथ निभाया। दोनों के बीच शानदार साझेदारी हुई।












Click it and Unblock the Notifications