Rohit Sharma बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर, भारतीय टीम को मिला नया कप्तान
चोट के कारण रोहित शर्मा पहले टेस्ट मैच में नहीं खेल पाएंगे, भारतीय टीम का कप्तान केएल राहुल को बनाने की खबर सामने आ रही है।

IND vs BAN Test, KL Rahul to captain: बांग्लादेश दौरे पर भारतीय टीम के लिए चीजें ठीक नहीं चल रही हैं। रोहित शर्मा के वनडे सीरीज में चोटिल होने के बाद अब एक नई खबर सामने आ रही है। भारतीय कप्तान टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले से बाहर हो गए हैं। इससे पहले रोहित शर्मा तीसरे एकदिवसीय मैच से भी बाहर हो गए थे। पहले टेस्ट मैच में केएल राहुल को कप्तानी करते हुए देखा जाएगा। उनके अलावा उपकप्तानी का जिम्मा ऋषभ पन्त के पास होगा क्योंकि जसप्रीत बुमराह भी नहीं खेल रहे हैं।

केएल राहुल करेंगे कप्तानी
रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में केएल राहुल को कप्तानी करनी होगी। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक़ रोहित शर्मा पहले टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं लेकिन दूसरे मैच को लेकर अभी तक कोई अपडेट सामने नहीं आया है। बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में फील्डिंग करते हुए रोहित शर्मा के अंगूठे में चोट लगी थी। फ़िलहाल वह चोट की जांच के लिए मुंबई में हैं। भारत ए के लिए बांग्लादेश में दो अनाधिकारिक टेस्ट मैचों में कप्तानी करने वाले अभिमन्यू ईश्वरन को रोहित शर्मा का बैकअप बनाया जा सकता है। ऋषभ पन्त इससे पहले भी इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई में हुए एक टेस्ट मैच में उपकप्तानी कर चुके हैं।

जयदेव उनादकट टेस्ट टीम में शामिल
मोहम्मद शमी चोट के कारण टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। ऐसे में जयदेव उनादकट को उनका रिप्लेसमेंट बनाते हुए टीम में शामिल किया गया है। उनादकट के लिए यह शानदार मौका है। वह 12 साल बाद टेस्ट टीम में आए हैं। साल 2010 में उन्होंने भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था। घरेलू क्रिकेट में उनका खेल लगातार अच्छा रहा है। कुछ मौकों पर उन्होंने बल्ले से भी हाथ दिखाए हैं। इस तरह बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर वह टीम में वापसी करने में सफल रहे हैं।

बांग्लादेश और भारत के टेस्ट मैचों का कार्यक्रम
टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 14 दिसम्बर से खेला जाएगा। यह 18 दिसम्बर तक चलेगा। पहले टेस्ट मैच का वेन्यू चटगांव है। यहां अंतिम एकदिवसीय मुकाबला भी खेला गया है। दूसरा और अंतिम टेस्ट मुकाबला 22 से लेकर 26 दिसम्बर तक खेला जाएगा। दूसरे टेस्ट मैच का वेन्यू ढाका होगा। ढाका में दो वनडे मुकाबले खेले गए थे।












Click it and Unblock the Notifications