IND vs AUS: विराट कोहली ने 14 महीने बाद टेस्ट क्रिकेट में लगाई हाफ सेंचुरी, क्या शतक का इंतजार भी होगा खत्म?
अहमदाबाद टेस्ट में विराट कोहली ने 14 महीने बाद हाफ सेंचुरी लगाई है। कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में आखिरी हाफ सेंचुरी जनवरी 2022 में लगाई थी। टेस्ट में उनके शतक का भी इंतजार हो रहा है।

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे और आखिरी टेस्ट में टीम इंडिया अब काफी मजबूत स्थिति में है। शनिवार को तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 289 रन है। ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी (480/10) के जवाब में टीम इंडिया अभी भी 191 रन पीछे है। क्रीज पर विराट कोहली और रवींद्र जडेजा की जोड़ी खेल रही है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस टेस्ट मैच के तीसरे दिन शुभमन गिल ने अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक लगाया तो वहीं पूर्व कप्तान विराट कोहली के बल्ले से भी आखिरकार एक अच्छी पारी देखने को मिली। कोहली ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी हाफ सेंचुरी पूरी कर ली थी। कोहली 59 रन पर नाबाद हैं।
जनवरी 2022 में लगाई थी आखिरी हाफ सेंचुरी
आपको बता दें कि विराट कोहली का यह 29वां टेस्ट अर्द्धशतक है। 28वीं हाफ सेंचुरी से 29वीं हाफ सेंचुरी तक आने में विराट को करीब 14 महीने का वक्त लगा। कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में आखिरी हाफ सेंचुरी जनवरी 2022 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगाई थी। कोहली ने उस मैच में 200 से अधिक गेंदों का सामना करते हुए 79 रन की पारी खेली थी। इस पारी में कोहली ने 12 चौके और एक छक्का लगाया था। कगिसो रबाडा ने कोहली को इस पारी में आउट किया था। अपनी उस पारी के बाद से कोहली 14 महीने से टेस्ट क्रिकेट में हाफ सेंचुरी नहीं लगा पाए थे। हालांकि टेस्ट मैच में कोहली के बल्ले से शतक का भी इंतजार लंबे समय से किया जा रहा है।
कोहली की पिछली 15 टेस्ट पारियां
जनवरी 2022 में उस हाफ सेंचुरी के बाद से कोहली ने 15 टेस्ट पारियां खेलीं, जिसमें उन्होंने 29, 45, 23, 13, 11, 20, 1, 19 नाबाद, 24, 1, 12, 44, 20, 22 और 13 रन बनाए। आपको बता दें कि आज भी विराट कोहली शून्य पर आउट हो सकते थे। टॉड मर्फी ने विराट को बीट किया था और विकेट के पीछे एलेक्स कैरी ने स्टंप आउट अपील की थी, लेकिन अंपायर ने नॉटआउट दिया और ऑस्ट्रेलिया ने रिव्यू नहीं किया। हालांकि स्टीव स्मिथ कॉ बिहाउंड का रिव्यू लेना चाहते थे, लेकिन एलेक्स कैरी और टॉड मर्फी ने समर्थन नहीं दिया। अगर स्मिथ डीआरएस लेते तो कोहली आउट हो जाते, क्योंकि गेंद कोहली के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर कीपर तक पहुंची थी। विराट कोहली अपने घर में 50वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications