IND vs AUS: रोहित शर्मा को बल्लेबाजी के दौरान क्यों आया गुस्सा? चिल्लाकर बोले- हटाओ उसे
अहमदाबाद टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 10 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 36 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा 17 और शुभमन गिल 18 रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा और आखिरी टेस्ट मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 480 रन बनाए हैं। जवाब में भारतीय टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक बिना कोई विकेट खोए 36 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा और शुभमन गिल क्रीज पर टिके हुए हैं। दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया के ऑलआउट होने के बाद जब टीम इंडिया बल्लेबाजी के लिए उतरी तो रोहित और गिल ने अटैकिंग गेम खेला। रोहित शर्मा दो चौके लगा चुके हैं तो वहीं गिल एक चौका और एक छक्का मार चुके हैं। दूसरे दिन के आखिरी ओवर के दौरान रोहित शर्मा को मैदान पर नाराज होते हुए देखा गया। रोहित की नाराजगी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
क्यों आया रोहित को गुस्सा?
दरअसल, रोहित शर्मा की नाराजगी की वजह साइट स्क्रीन के सामने किसी फैन का आना था। यह घटना उस वक्त की है, जब शुभमन गिल ने 10वें ओवर की दूसरी गेंद पर एक बड़ा छक्का लगाया था। गेंद साइट साइट स्क्रीन पर अटक गई थी। एक फैन ने गेंद को वहां से निकाला, लेकिन उसके बाद भी वो वहां से हटा नहीं और वहां से हाथ हिलाने लगा। यह देखने के बाद रोहित को गुस्सा आ गया और रोहित चिल्लाकर बोले- 'हटाओ उसे'। कुछ देर के लिए खेल को रोका गया और आखिरी में 4 गेंद और डलने के बाद खेल को रोक दिया गया। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक रोहित 17 रन पर और गिल 18 रन पर नाबाद हैं।
अहमदाबाद टेस्ट में अभी ऑस्ट्रेलिया है हावी
आपको बता दें कि अहमदाबाद टेस्ट में अभी तक ऑस्ट्रेलिया की टीम पूरी तरह भारत पर हावी रही है। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 480 रन बनाए हैं। उस्मान ख्वाजा ने सबसे अधिक 180 रनों की विशाल पारी खेली है। बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर ख्वाजा ने दो अहम साझेदारियां की। ख्वाजा के अलावा कैमरून ग्रीन ने भी 114 रन बनाए हैं। अंत में टॉड मर्फी और नाथन लियोन ने भी 9वें विकेट के लिए 70 रन जोड़कर अपनी टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया। भारत की तरफ से अश्विन ने 6 विकेट लिए हैं, जबकि जडेजा और अक्षर को 1-1 विकेट और शमी को 2 विकेट मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications