IND vs AUS: अश्विन-जडेजा की तरह नाथन लायन कमाल नहीं कर सकते, ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी का बयान
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में अश्विन और जडेजा ने धमाकेदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया है, दोनों ने बल्लेबाजों को नचाया है।

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के दो मैचों में टीम इंडिया ने जीत दर्ज करते हुए सीरीज में बढ़त हासिल की है। भारतीय टीम की सफलता में रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा की गेंदबाजी काफी अहम रही हैं। दोनों ने अपनी स्पिन गेंदों पर ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों को परेशान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी इयान चैपल ने अपने स्पिनर नाथन लायन को एक अहम सलाह दी है और कहा कि वह भारतीय स्पिन जोड़ी को कॉपी करने का प्रयास ना करें।

अश्विन एक स्मार्ट गेंदबाज हैं
चैपल ने अश्विन और जडेजा की तारीफ करते हुए क्रिकइंफो से बातचीत में कहा कि कई बार विपक्षी स्पिनर अश्विन और जडेजा की तरह चीजें करने का प्रयास करते हैं। जडेजा और अश्विन जानते हैं कि भारत में उनको क्या करना है। अश्विन कहां गेंदबाजी करते हैं यह मायने नहीं रखता क्योंकि वह एक शानदार स्पिनर हैं। मैंने उनको ऑस्ट्रेलिया में भी गेंदबाजी करते हुए देखा है और वह काफी ज्यादा अच्छी गेंदबाजी करते हैं। अश्विन एक स्मार्ट गेंदबाज है और वह पिच पर भी उसी तरह का काम करते हैं। जडेजा ने भी कुछ चीजें सीख कर अपनी गेंदबाजी में सुधार किया और जो कौशल उनके पास है, वह काफी परफेक्ट है।

नाथन लायन कभी अश्विन नहीं हो सकते
दिल्ली टेस्ट मैच को लेकर चैपल ने कहा कि मैं समझता हूं कि अश्विन ने काफी बेहतरीन गेंदबाजी की लेकिन जडेजा को 7 विकेट मिले। कई बार चीजें ऐसे ही होती है। मैं नहीं समझता कि जो काम वह करते हैं उसे आप (ऑस्ट्रेलिया) दोहरा सकते हैं। नाथन लायन गेंदबाजी में अश्विन की तरह नहीं है। उनको नाथन लायन की तरह गेंदबाजी करनी होगी और उन्होंने वही करने का प्रयास किया।

अश्विन और जडेजा ने किया ऑस्ट्रेलिया को तहस-नहस
गौरतलब है कि बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में अब तक खेले गए दो मुकाबलों में अश्विन और जडेजा ने मेहमान बल्लेबाजों को अपनी स्पिन गेंदबाजी के दम पर नचाया है। दोनों ही गेंदबाजों ने मिलकर सीरीज में अब तक 31 विकेट अपने नाम किए हैं। रविंद्र जडेजा दोनों ही मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए हैं। उन्होंने नागपुर टेस्ट में बल्ले से भी उम्दा योगदान दिया था।












Click it and Unblock the Notifications