IND vs AUS: महिला वनडे का दूसरा सबसे तेज शतक, भारत के खिलाफ बेथ मूनी का धमाका, रचा इतिहास
IND vs AUS Beth Mooney: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिला। दोनों टीमों के बीच खेले गए तीसरे और अंतिम वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया की सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी ने एक धमाकेदार पारी खेलने का काम किया। मूनी की तूफानी बल्लेबाजी के आगे भारतीय गेंदबाज बेबस नजर आए, जिससे टीम इंडिया के लिए वर्ल्ड कप से पहले कई चिंताएं खड़ी हो गई हैं।
बेथ मूनी ने जड़ा रिकॉर्ड तोड़ शतक (IND vs AUS Beth Mooney)
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उनका यह निर्णय सही साबित हुआ। ऑस्ट्रेलिया ने पावरप्ले में ही 77 रन ठोककर अपनी आक्रामक रणनीति का परिचय दिया। बेथ मूनी ने सिर्फ 57 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। यह महिला वनडे क्रिकेट इतिहास का संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज शतक है, जिसकी बराबरी उन्होंने करेन रोल्टन के रिकॉर्ड से की।

दूसरा सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड
सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान मेग लैनिंग के नाम है, जिन्होंने 2012-13 में सिर्फ 45 गेंदों में शतक जड़ा था। मूनी ने अपनी पारी में भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने 75 गेंदों में 138 रन बनाए, जिसमें कई शानदार चौके और छक्के शामिल थे। उनकी विस्फोटक पारी ने भारतीय गेंदबाजी की कमजोरियों को उजागर कर दिया। भारतीय गेंदबाज पूरी मैच में लय से भटके हुए दिखे और उन्हें मूनी के तूफानी अंदाज का कोई जवाब नहीं मिला।
भारतीय टीम के लिए खतरे की घंटी
यह मैच भारतीय टीम के लिए एक कड़वा अनुभव रहा, खासकर तब जब वर्ल्ड कप शुरू होने में सिर्फ 10 दिन बचे हैं। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम को अपनी गेंदबाजी रणनीति पर गंभीरता से काम करना होगा। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन लुटाने का रिकॉर्ड भी दिया। इससे पहले दिसंबर 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने 371 रन दिए थे, लेकिन इस बार यह आंकड़ा और भी बड़ा था।
बढ़ सकती है भारत की मुश्किलें
मूनी के आउट होने के बाद दीप्ति शर्मा ने कुछ अच्छा प्रदर्शन किया और एक शानदार कैच लेकर ग्रेस हैरिस को पवेलियन भेजा। हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। भारतीय बल्लेबाजों के सामने अब एक बहुत बड़ा लक्ष्य है, लेकिन वे इस मैच को वर्ल्ड कप की तैयारी के रूप में देख सकते हैं। यह मुकाबला भारत के लिए एक वेक-अप कॉल है, और उन्हें जल्द से जल्द अपनी कमजोरियों को दूर करना होगा, वरना वर्ल्ड कप में मुश्किलें बढ़ सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications