IND vs AUS: जिस हाथ में नहीं थी गेंद उससे की स्टंपिंग, ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर ने विश्व रिकॉर्ड बनाने के बाद...
डार्सी ब्राउन की गेंद पर स्मृति मंधाना का कैच पकड़ते ही हीली टी20 इंटरनेशनल में 100 शिकार करने वाली पहली विकेटकीपर बन गईं।
बर्मिंघम, 29 जुलाई: कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में महिला क्रिकेट की ऐतिहासिक शुरुआत हुई। पहला मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की विकेटकीपर एलिसा हीली ने एक विश्वरिकॉर्ड अपने नाम किया। डार्सी ब्राउन की गेंद पर स्मृति मंधाना का कैच पकड़ते ही वह टी20 इंटरनेशनल में 100 शिकार करने वाली पहली विकेटकीपर बन गईं। हालांकि इसके बाद उन्होंने विकेटकीपिंग में ही एक बड़ी गलती कर दी, इसके चलते शेफाली वर्मा को जीवनदान मिल गया। हीली की इस बचकानी हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दुनिया की पहली विकेटकीपर
मैच के चौथे ओवर में डार्सी ब्राउन गेंदबाजी कर रही थीं और भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना क्रीज पर थीं। मंधाना ने बाहर की गेंद से छेड़छाड़ करने का प्रयास किया और गेंद किनारा लेकर सीधे विकेटकीपर हीली के हाथों में पहुंची। हीली ने टी20 इंटरनेशनल में विकेट के पीछे मंधाना को अपना 100वां शिकार बनाया। एलीसा दुनिया की पहली विकेटकीपर हैं जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में 100 शिकार किए हैं।

ये बचकाना हरकत की
भारत की पारी के 9वें ओवर में ताहिला मैकग्राथ की 5वी गेंद पर शेफाली वर्मा ने क्रीज से बाहर निकलकर शॉट लगाने का प्रयास किया। गेंद और बल्ले का कोई संपर्क नहीं हुआ और गेंद विकेटकीपर हीली के हाथों में पहुंची। उनके पास आसान स्टंपिंग करने का मौका था, लेकिन उन्होंने राइट हैंड से गिल्लियां बिखेर दीं, जबकि गेंद उनके लेफ्ट हैंड में थी। बाद में उन्होंने बाएं हाथ से भी स्टंपिंग की, लेकिन गिल्लियां पहली ही बिखर चुकी थीं। इस वजह से यह स्टंपिंग मान्य नहीं की गई।
Cannot believe what I'm seeing here 🤣#Stumping #WrongHand pic.twitter.com/53CwGnC6yT
— Derby Dazzler (@Derby_Dazzler) July 29, 2022

मुकाबले का हाल
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 154 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत ने सर्वाधिक 52 रन बनाए। उनके अलावा शेफाली वर्मा ने 48 और स्मृति मंधाना ने 24 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की जोनासेन ने 22 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 19 ओवर में 157 रन बनाकर 3 विकेट से मैच को जीत लिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से एशले गार्डनर ने 52 और अलाना किंग ने 18 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत की ओर से रेणुका सिंह ने 4 जबकि दीप्ति शर्मा ने 2 विकेट चटकाए।












Click it and Unblock the Notifications