IND vs AUS: विराट कोहली ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड, भारत का ऑस्ट्रेलिया को करारा जवाब
ऑस्ट्रेलिया के बड़े स्कोर के बाद टीम इंडिया ने तीसरे दिन के खेल में धाकड़ प्रदर्शन किया, मुकाबला ड्रॉ की तरफ बढ़ रहा है।

IND vs AUS 4th Test: अहमदाबाद में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रहे चौथे टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय टीम ने अच्छी बैटिंग की लेकिन तेजी ज्यादा देखने को नहीं मिली। टीम इंडिया ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 3 विकेट के नुकसान पर 289 रनों का स्कोर हासिल किया। भारत के लिए शुभमन गिल की तरफ से धमाकेदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन देखने को मिला। उन्होंने अपना दूसरा टेस्ट शतक जमाया। विराट कोहली ने फिफ्टी जमाई और घरेलू मैदानों पर 4000 टेस्ट रन भी पूरे किये। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक कोहली 59 और जडेजा 16 रन बनाकर क्रीज पर थे। ऑस्ट्रेलिया अभी भारत से 191 रन आगे है। (Cover Image: BCCI)

रोहित शर्मा अच्छी शुरुआत बरकरार नहीं रख पाये
दिन की शुरुआत में रोहित शर्मा और गिल ने समझदारी के साथ बल्लेबाजी की। दोनों ने शुरुआती तीस मिनट नजरें जमाने में लगाए। इसके बाद सेट हो गए लेकिन रोहित शर्मा कुहनेमन की एक गेंद को बैकफुट पर जाकर पंच करने के प्रयास में कवर्स पर खड़े लाबुशेन को कैच थमा बैठे। वह 35 रन बनाकर आउट हो गए। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने भारत के लिए पनप रही यह भागीदारी तोड़ दी। इस समय टीम इंडिया का स्कोर 74 रन था। रोहित शर्मा अच्छी शुरुआत को बरकरार रखने में नाकाम रहे।

शुभमन गिल ने जड़ा दूसरा टेस्ट शतक
पहला विकेट गिरने के बाद आए चेतेश्वर पुजारा ने अपनी फॉर्म दिखाई और गिल के साथ टिक गए। वह पहला सेशन खेलने के बाद दूसरे सेशन में भी टिके रहे। इस बीच गिल अर्धशतक जड़ने के बाद खेलते चले गए और चायकाल से ठीक पहले अपना शतक जमा दिया। इस दौरान पुजारा आउट हो गए। वह मर्फी की गेंद पर 42 रनों के निजी स्कोर पर आउट होकर चलते बने।

विराट कोहली के नाम बड़ी उपलब्धि
विराट कोहली ने धीमी शुरुआत करने के बाद हाथ खोले और कुछ आकर्षक शॉट जमाए। इस बीच गिल चायकाल के बाद 128 के निजी स्कोर लायन की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए। कोहली और जडेजा ने पारी को आगे बढ़ाया। कोहली का भारत में यह 50वां टेस्ट मैच है और उन्होंने घरेलू सरजमीं पर अपने 4000 टेस्ट रन पूरे कर दिए। इस उपलब्धि के दौरान उनका औसत 59 के करीब रहा है जो एक बड़ी बात है।












Click it and Unblock the Notifications