IND vs AUS: पिच को सूंघने से कोई फायदा हुआ क्या? दक्षिण अफ़्रीकी दिग्गज ने उड़ाया ऑस्ट्रेलिया का मज़ाक
ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों ने नागपुर टेस्ट की पिच का काफी नजदीक से निरीक्षण किया था लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ वे हार गए।

IND vs AUS 1st Test: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच नागपुर टेस्ट मैच शुरू होने से पहले एक फोटो काफी वायरल हुई थी। इसमें स्मिथ, पैट कमिंस और डेविड वॉर्नर पिच के ऊपर घुटनों के बल लेटे हुए दिखाई देते हैं और निरीक्षण करते हैं। बारीकी से दोनों पिच की जांच करते हैं। मैच समाप्त होने के बाद ऑस्ट्रेलिया सीरीज में पिछड़ जाता है। इसका अर्थ यह हुआ कि पिच को करीब से जाकर इस तरह देखने का भी कोई फायदा नहीं हुआ और ऑस्ट्रेलियाई टीम को पारी से हार का सामना करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज डेल स्टेन ने अब कंगारुओं का मजाक उड़ाया है।
स्टेन ने ट्विटर पर एक पोस्ट किया और लिखा कि क्रिकेट के लोगों जल्दी से एक सवाल पूछ रहा हूँ। कोई पिच को कैसे पढ़ना पसंद करता है? आप पूरी तरह से घुटनों के बल नीचे जाकर पिच को सूंघने वाले व्यक्ति हो या सिर्फ खड़े होकर पिच को देखते हो? अंत में यह भी पूछना चाहता हूँ कि क्या इससे आपकी कोई मदद हुई?
डेल स्टेन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों पर तंज़ कसा था। उनका कहना यही था कि घुटनों के बल बैठकर देखने से पिच के बारे में जानकारी प्राप्त नहीं हो सकती। आराम से खड़े होकर भी इसे देखा जा सकता है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों ने पूरी तरह से एक ड्रामा क्रिएट कर दिया था लेकिन मैच में फायदा नहीं हुआ और वे हार गए। स्टेन ने ऑस्ट्रेलियाई टीम का एक तरह से मजाक उड़ाया है।
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटरों और मीडिया ने सीरीज शुरू होने से पहले ही पिचों को लेकर भारत पर दबाव बनाना शुरू कर दिया था। हालांकि नागपुर टेस्ट मैच की पिच से ऐसा लगा कि वहां बल्लेबाजी की जा सकती थी। टीम इंडिया ने वहां पहली पारी में 400 रन बनाए। ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले दिन खेलकर भी 177 रन के मामूली स्कोर पर आउट हो गई थी। इसके बाद टीम इंडिया ने 400 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 91 पर सिमट गई। इस तरह टीम इंडिया ने एक पारी और 132 रनों से मैच जीत लिया।












Click it and Unblock the Notifications