IND vs AUS: जडेजा और अश्विन अपने रिकॉर्ड के लिए ज्यादा ओवर मांग रहे थे, रोहित का बड़ा खुलासा
भारतीय टीम के लिए अश्विन और जडेजा दोनों ने धाकड़ गेंदबाजी का प्रदर्शन किया और भारतीय टीम ने बड़े अंतर से पहला टेस्ट मैच जीत लिया।

IND vs AUS 1st Test: भारतीय टीम के स्पिनरों ने ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में 91 रनों के कुल स्कोर पर समेटकर चार मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली। टीम इंडिया ने एक पारी और 132 रनों से मैच जीता। रोहित शर्मा ने तीन स्पिनरों के साथ खेलते हुए आई चुनौतियों के बारे में बात की। उन्होंने तीनों स्पिनरों का इस्तेमाल करने में आई परेशानी के बारे में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने यह भी कहा कि जडेजा और अश्विन मुझसे गेंद मांग रहे थे। तीनों के साथ खेलना काफी अच्छी चीज है।

दोनों गेंदबाज मुझसे ओवर मांग रहे थे
रोहित शर्मा ने कहा कि तीन स्पिनरों को हैंडल करना मुश्किल कार्य होता है। वे हमेशा अपने कीर्तिमान की तरफ जा रहे थे। जडेजा कह रहे थे कि मुझे गेंद दो, मुझे 250 के लिए एक विकेट और चाहिए। अश्विन ने 4 विकेट झटके थे और पांचवें विकेट के लिए वह भी गेंद मांग रहे थे। तीन गेंदबाजों के साथ मैं इस चुनौती का सामना कर रहा था। मुझे कीर्तिमानों के बारे में नहीं पता लेकिन इनको पता था। इनके पास वास्तव में क्वालिटी है। मेरे सामने उनके लिए उचित छोर का चयन करना हमेशा एक चुनौती रही।

पिच दोनों टीमों के लिए समान
रोहित शर्मा ने आगे कहा कि मैंने उचित गेंदबाज को लाने का प्रयास किया। अश्विन का रिकॉर्ड लेफ्ट हैण्ड बल्लेबाजों के सामने अच्छा है। अक्षर पटेल और जडेजा का रिकॉर्ड राईट हैण्ड बल्लेबाजों के खिलाफ अच्छा है। भारत में आक इन पिचों पर इतने समय से खेलते हो, तो अक्षर, जडेजा और अश्विन के साथ खेलना एक आशीर्वाद की तरह है। वे आपको कभी निराश नहीं करते। परिस्थितियां मिलती हैं लेकिन आपको इनका इस्तेमाल करना होगा। पिच दोनों ही टीमों के लिए समान होती है।

भारतीय टीम को मिली बड़ी जीत
गौरतलब है कि भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को एक पारी और 132 रनों से हराते हुए चार मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली। पहले खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम 177 रन बनाकर आउट हो गई। इसके बाद टीम इंडिया ने 400 रन बनाए। रोहित शर्मा ने शतक जड़ा। जडेजा और अक्षर पटेल ने अर्धशतक जमाए। दूसरी पारी में खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम 91 पर आउट हो गई और ढाई दिन में मैक समाप्त हो गया।












Click it and Unblock the Notifications