पाकिस्तान के 'चाचा इफ्तिखार' ने लाइव मैच में की लड़ाई, फिर मांगनी पड़ी माफी
Sindh Premier League match, Iftikhar Ahmed: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी इफ्तिखार अहमद अपनी हरकतों के कारण सुर्खियों में आ गए हैं। चाचू के नाम से मशहूर इफ्तिखार अहमद और पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज असद शफीक के बीच मैच के दौरान झड़प देखने को मिली। पाकिस्तान में इन दिनों सिंध प्रीमियर लीग का टूर्नामेंट खेला जा रहा है। इस टूर्नामेंट के दौरान एक मुकाबले में यह दोनों खिलाड़ी आपस में भिड़ गए।
इफ्तिखार अहमद ने किया ऐसा इशारा
दरअसल, कराची गाजी की तरफ से खेलते हुए इफ्तिखार अहमद ने लरकाना चैलेंजर्स के कप्तान शफीक को आउट कर दिया। शफीक को आउट करने के बाद इफ्तिखार अहमद ने उन्हें ड्रेसिंग रूम की तरफ जाने का इशारा किया। इफ्तिखार के इस व्यवहार पर शफीक ने नाराजगी जाहिर की और मैदान पर ही उनसे भिड़ गए।

मैदानी अंपायरों ने आकर किया बीच-बचाव
दोनों ही खिलाड़ियों के बीच बहस करते हुए देखकर मैदानी अंपायरों ने आकर अहमद और शफीक को अलग किया। इसके बाद दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने भी इन दोनों क्रिकेटर को समझाने का काम किया। इस घटना के बाद इफ्तिखार अहमद ने अपने व्यवहार के लिए माफी मांग ली। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए उन्होंने शफीक से माफी मांगने का काम किया। उन्होंने लिखा मैं आज मैदान में अपने व्यवहार के लिए बेहद क्षमाप्रार्थी हूं। मुझे उस समय आवेश में आकर ऐसी प्रतिक्रिया नहीं देनी चाहिए थी।
पहले भी हुआ है ऐसा
ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब पाकिस्तानी खिलाड़ी लाइव मैच के दौरान आपस में भिड़ बैठे हो। इससे पहले भी पाकिस्तान प्रीमियर लीग के दौरान भी बाबर आजम और मोहम्मद आमिर के बीच झड़प देखने को मिल चुकी है। इसके अलावा भी कई पाकिस्तानी क्रिकेटर पीएसएल के दौरान अपना आपा खोते हुए दिखाई दे चुके हैं। सोशल मीडिया पर इफ्तिखार अहमद की इस हरकत की जमकर आलोचना की जा रही है। इसके साथ ही उनका यह वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications