'अगर एशिया कप शिफ्ट होता है तो यह अच्छा विकल्प रहेगा', पूर्व पाकिस्तान गेंदबाज ने दिया यह चौंकाने वाला बयान
पाकिस्तान के पूर्व गेंदबाज अब्दुल रज्जाक ने बीसीसीआई और पीसीबी के झगड़े पर कहा है कि अगर एशिया कप 2023 दुबई में शिफ्ट होता है तो यह अच्छा विकल्प होगा।

एशिया कप 2023 की मेजबानी को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे गतिरोध का अंतिम परिणाम मार्च में आने की उम्मीद है। जी हां, अभी तक एशिया कप 2023 की मेजबानी पाकिस्तान के पास है, लेकिन इस बात की उम्मीदें सबसे अधिक लगाई जा रही हैं कि पाकिस्तान से यह मेजबानी छीन सकती है और टूर्नामेंट का आयोजन दुबई में हो सकता है। मार्च में एशियाई क्रिकेट काउंसिल की एक और अहम बैठक होगी, जिसमें इसका फैसला लिया जा सकता है। इस गतिरोध के बीच पाकिस्तान के पूर्व गेंदबाज अब्दुल रज्जाक ने इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
एशिया कप शिफ्ट हुआ तो यह अच्छा विकल्प होगा- रज्जाक
अब्दुल रज्जाक ने कहा है कि अगर इस साल होने वाला एशिया कप दुबई में शिफ्ट होता है तो यह क्रिकेट के लिए अच्छा रहेगा। जियो न्यूज से बात करते हुए रज्जाक ने कहा, "अगर एशिया कप 2023 शिफ्ट होता है तो यह क्रिकेट के लिए अच्छा रहेगा। इससे क्रिकेट का प्रचार होगा और फिर कई सालों से भारत-पाकिस्तान के बीच मैच ऐसे ही होते आ रहे हैं। दोनों देश आईसीसी टूर्नामेंट में एक-दूसरे से भिड़ते हैं, लेकिन अगर एशिया कप 2023 दुबई में शिफ्ट होता है तो यह अच्छा विकल्प होगा।
दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड करें बातचीत- रज्जाक
अब्दुल रज्जाक ने इस बातचीत में इस बात पर भी जोर दिया है कि दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड को मिलकर मेज पर बैठना चाहिए और क्रिकेट संबंधों को बहाल करने की दिशा में कदम उठाना चाहिए। रज्जाक ने कहा है कि दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड इस मुद्दे को सुलझाने के लिए आगे आएं न कि मेज के दोनों तरफ बैठकर गपशप करें। आपको बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच 2008 से द्विपक्षीय संबंध पूरी तरह से खराब हैं। भारतीय टीम आखिरी बार 2008 में ही पाकिस्तान के दौरे पर गई थी। तब से यह दोनों देश सिर्फ आईसीसी के टूर्नामेंट में ही खेलते हुए दिखते हैं।












Click it and Unblock the Notifications