ICC WCQ: ज़िम्बाब्वे ने फिर से चौंकाया, वर्ल्ड कप मैच में वेस्टइंडीज को हराकर किया बड़ा उलटफेर
WQC 2023, ZIM vs WI: वर्ल्ड कप क्वालीफायर के 13वें मुकाबले में जिम्बाब्वे ने एक बड़ा उलटफेर कर दिया। जिम्बाब्वे ने वह काम कर दिया जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की होगी। वेस्टइंडीज जैसी टीम को जिम्बाब्वे ने हरा दिया। वेस्टइंडीज को 35 रनों से इस मैच में हार का सामना करना पड़ा है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 49.5 ओवरों में 268 रन बनाकर आउट हो गई। जवाबी पारी में खेलते हुए वेस्टइंडीज 44.4 ओवर खेलकर 233 पर ढेर हो गई। पूरे ओवर खेलने पर वेस्टइंडीज की जीत हो जाती लेकिन मेजबान टीम के गेंदबाजों ने धमाका कर दिया। सिकन्दर रजा को प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया।

टॉस जीतकर वेस्टइंडीज ने गेंदबाजी करने का निर्णय लिया लेकिन यह गलत साबित हुआ। जिम्बाब्वे के ओपनर गम्बी और क्रैग इरविन ने पहले विकेट के लिए 63 रन की भागीदारी की। गम्बी 26 के निजी स्कोर पर आउट होकर चलते बने। उनके बाद मैधेवेरे भी 2 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए।
क्रैग इरविन अच्छा खेल रहे थे लेकिन 46 के निजी स्कोर पर उनको रोस्टन चेज ने आउट कर दिया। सीन विलियम्स जब 23 रन बनाकर आउट हुए, तब जिम्बाब्वे मुश्किल में थी लेकिन यहाँ से असली गेम शुरू हुआ। सिकंदर रजा और रयान बर्ल के बीच एक भागीदारी हुई। बर्ल 50 रन बनाकर आउट हो गए।
सिकन्दर रजा ने फिफ्टी जमा दी लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। वह 68 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद टीम 268 के कुल स्कोर पर आउट हो गई। वेस्टइंडीज के लिए कीमो पॉल ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके।
जवाब में खेलते हुए वेस्टइंडीज ने सबसे पहले ओपनर ब्रेंडन किंग (20) का विकेट गंवाया। जॉनसन चार्ल्स भी 1 रन के निजी स्कोर पर चलते बने। काइल मेयर्स ने एक छोर पर खड़े होकर धाकड़ बैटिंग की और 56 रन ठोके। पिछले मैच में शतक जड़ने वाले शाई होप 30 और पूरन 34 रन बनाकर आउट हो गए और यहाँ से विंडीज की परेशानी बढ़ गई।
रोस्टन चेज ने टिककर बल्लेबाजी की और सफल भी रहे लेकिन 44 के निजी स्कोर पर चलते बने। वह नौवें विकेट के रूप में आउट हुए। इस तरह वेस्टइंडीज की पूरी टीम 233 के कुल स्कोर पर आउट हो गई। जिम्बाब्वे के लिए चतारा ने 3 विकेट झटके। सिकन्दर रजा ने 2 और एनगारवा ने भी 2 विकेट झटके। मुजराबानी को भी दो विकेट मिले।












Click it and Unblock the Notifications