ICC वनडे रैंकिंग में शुभमन गिल को जबरदस्त फायदा, तीन स्थान कूदे अक्षर पटेल, कैसा है रोहित-कोहली का हाल?
ICC ODI Rankings: भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने आईसीसी एकदिवसीय रैंकिंग में धमाल मचाया है। इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में 80 रनों की पारी का फायदा उनको हुआ है। वह अब टॉप स्पॉट पर मौजूद डैरिल मिचेल के करीब आकर फिर से पहला स्थान लेने की फिराक में हैं।
गिल और मिचेल के बीच अब सिर्फ 11 रेटिंग पॉइंट्स का फर्क है। वह 803 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। मिचेल के कुल 814 रेटिंग पॉइंट्स हैं। इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में फ्लॉप रहे रोहित शर्मा और विराट कोहली को कोई फर्क नहीं पड़ा है।

कोहली तीसरे और रोहित शर्मा चौथे स्थान पर बने हुए हैं। टॉप दस में इन तीन के अलावा भारतीय टीम से अन्य किसी भी खिलाड़ी का नाम शामिल नहीं है। पाकिस्तान के बाबर आजम को एक स्थान का नुकसान उठाना पड़ा है, वह अब छठे से सातवें नंबर पर पहुँच गए हैं।
कुलदीप यादव को घाटा हुआ
एजबेस्टन में 76 रनों की पारी खेलने के कारण जो रूट को भी फायदा हुआ है। रूट अब 12वें नंबर पर आ गए हैं। एकदिवसीय गेंदबाजी रैंकिंग में कुलदीप यादव को नुकसान हुआ है। कुलदीप यादव को इंग्लैंड के खिलाफ पहला एकदिवसीय खेलने का मौका नहीं मिल पाया था।
चायनामैन गेंदबाज अब एक आठवें स्थान पर आ गए हैं। उनके अलावा पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी और बांग्लादेश के मेहदी हसन भी एक-एक पायदान गिरकर क्रमशः नौवें और दसवें स्थान पर आ गए हैं। मिचेल सैंटनर तीन स्थानों की छलांग लगाते हुए सातवें नंबर पर पहुँच गए हैं।
अक्षर पटेल तीन स्थान कूदे
बात अगर ऑल राउंडरों की करें, तो वहां अक्षर पटेल को फायदा मिला है। एजबेस्टन में फिफ्टी और 4 विकेट लेने की वजह से वह तीन स्थान ऊपर आ गए हैं। अक्षर पटेल अब नौवें स्थान पर हैं। ऑल राउंडर रैंकिंग में टॉप स्थान पर अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह ओमरजई का नाम है।


Click it and Unblock the Notifications
